
सहारनपुर संवाददाता। यातायात पुलिस कर्मियों को भीषण गर्मी से बचाने के लिए शहर के मुख्य चौराहों पर इण्डियन इण्डस्ट्रीज एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बड़ी छतरियां लगायी और पुलिस कर्मियों को राहत प्रदान की। आईआईए के पदाधिकारियों ने शहर के मुख्य चौराहो कलेक्ट्रेट चौक, सिविल लाइन तिराहे पर बड़ी छतरियां लगवायी और इस भीषण गर्मी में यातायात पुलिस कर्मियों को राहत प्रदान की। चैप्टर चेयरमैन अनूप खन्ना ने कहा कि इस चिलचिलाती कड़ी धूप में यातायात पुलिस कर्मी अपनी नैतिक जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए यातायात की व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाने के लिए लगे हुए हैं। उनको इस कड़ी धूप से बचाने के लिए शहर के विभिन्न मुख्य चौराहों पर बड़ी छतरियां यातायात पुलिस कर्मियों हेतु लगवाई गई है, ताकि यातायात पुलिस कर्मी सुचारु रूप से यातायात चलवा सके। पुलिस अधीक्षक यातायात ट्रैफिक सिद्धार्थ वर्मा ने आईआईए के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यातायात पुलिस कर्मियों को इस चिलचिलाती कड़ी धूप से बचाने के लिए संस्था ने अपना सहयोग दिया है, उसके लिए वह सदैव ऋणी रहेंगे। इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष स.हरजीत सिंह, चैप्टर कोषाध्यक्ष अनुज कुमार जैन, पिलखनी औद्योगिक क्षेत्र कंवीनर शिवम गोयल, टूरिज्म कंवीनर पंकज गोयल, ट्रैफिक इंचार्ज अमित तोमर आदि मौजूद रहे।