
गोंडा एजेंसी। पुलिस ने 1 लाख के इनामी बदमाश को एनकाउंटर में ढेर कर दिया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बदमाश की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख उसने फायरिंग कर दी। एक गोली इंस्पेक्टर नरेंद्र राय की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे वह बाल-बाल बच गए। जवाबी फायरिंग में बदमाश के सीने में दो गोलियां लग गईं। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर गया। पुलिस उसे अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बदमाश की पहचान सोनू उर्फ भुर्रे पासी के रूप में हुई है। मुठभेड़ करीब 45 मिनट चली। इस दौरान बदमाश ने 12 तो पुलिस ने 8 राउंड फायरिंग की। सोनू पासी ने 24 अप्रैल को गोंडा के बेगमगंज में चोरी के दौरान एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी। मुठभेड़ बेगमगंज थाना क्षेत्र में हुई। सोनू पासी परसपुर थाना का हिस्ट्रीशीटर था। फरवरी 2021 में पुलिस ने सोनू पासी को गिरफ्तार किया था। हालांकि, कुछ महीनों बाद वह जमानत पर जेल से बाहर आ गया। तब से वह फरार चल रहा था। सोनू के खिलाफ हत्या, लूट, डकैती जैसे 48 से ज्यादा मुकदमे अयोध्या, बहराइच, बस्ती और आसपास के जिलों में दर्ज थे। 20 दिन पहले उस पर एक लाख का इनाम घोषित हुआ था।