मवाना संवाददाता। मेरठ, मवाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत तिगरी के ग्रामीणों ने बिजली लाइन की जबरन शिफ्टिंग को लेकर मंगलवार को तहसील पहुंचकर एसडीएम मवाना दीपक माथुर को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि गांव की विद्युत लाइन कई दशकों से मवाना फीडर से जुड़ी हुई है, जिससे उन्हें कभी कोई समस्या नहीं हुई, लेकिन अब विद्युत विभाग के कर्मचारियों द्वारा जानकारी दी गई है कि तिगरी की लाइन को निलोहा फीडर से जोड़ा जा रहा है, जिससे ग्रामीण सहमत नहीं हैं। ग्रामीणों का कहना है कि निलोहा फीडर से जोड़े जाने पर बिजली आपूर्ति प्रभावित होगी और यह निर्णय जबरन थोपने जैसा है।
मंगलवार को ग्रामीणों ने लाइन शिफ्टिंग का कार्य रुकवाते हुए मांग की कि उनकी विद्युत लाइन पहले की तरह मवाना फीडर से ही जुड़ी रहे। इस संबंध में उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर तुरंत हस्तक्षेप की मांग की। एसडीएम दीपक माथुर ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्या का समाधान किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में कुश चौधरी, लव कुमार, अजय कुमार, संजय, गजेंद्र, पुनीत, ऋषिपाल, ओंकार सिंह, सोरन सिंह, मिंटू, जगबीर, बालेंद्र, उदित, जगदीश आदि शामिल रहे।
