
नई दिल्ली एजेंसी। भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर के 43 घंटे बाद सोमवार को 9 राज्यों के 32 एयरपोर्ट्स खोल दिए गए हैं। एयरलाइंस कंपनियों की तरफ से यात्रियों के लिए बुकिंग शुरू कर दी है। 32 एयरपोर्ट्स के लिए एयरलाइन सर्विसेज 9 मई से 15 मई की सुबह 5ः29 बजे तक बंद की गई थीं। एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने सोमवार को प्रेस रिलीज के जरिए एयरपोर्ट्स खोलने की जानकारी दी। इसमें बताया कि 15 मई तक बंद 32 एयरपोर्ट्स अब तत्काल प्रभाव से एयरक्राफ्ट ऑपरेशन्स के लिए उपलब्ध हैं। तीन दिनों में 500 से ज्यादा फ्लाइट्स रद्द हुईं फ्लाइट बंद होने के कारण एयरलाइनों की तरफ से 500 से ज्यादा फ्लाइट्स रद्द कर दी गई थीं। कई एयरलाइन कंपनियों ने यात्रियों को फुल रिफंड या फ्लाइट रिशेड्यूल का ऑप्शन दिया था।भारत-पाकिस्तान के बीच 10 मई तक संघर्ष चला। 10 मई की शाम 5 बजे दोनों देशों ने सीजफायर (संघर्ष विराम) की घोषणा की थी। इसके बाद पाक बॉर्डर से लगे भारतीय राज्यों में हालात सामान्य होने लगे। 11 मई को राजस्थान में 27 कैंसिल ट्रेनों को बहाल करने का आदेश जारी किया। पंजाब के फिरोजपुर में 8 कैंसिल ट्रेनों को सामान्य रूप से चलाने के आदेश जारी किए गए। गुजरात से राजस्थान जाने वाली जो नाइट ट्रेनें 10 मई से रद्द कर दी गई थीं, अब वे भी बहाल कर दी गई हैं। गुजरात में सरकारी कर्मचारियों की रद्द की गई छुट्टियों को लेकर भी आज अहम फैसला हो सकता है।