
मेरठ हीरा टाइम्स ब्यूरो। मुंबई में नगर महापालिका द्वारा होटल मालिक से साठ-गांठ करके प्राचीन जैन मंदिर तोड़े जाने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को सकल जैन समाज ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान जैन समाज के नागरिकों ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के नाम सौंपे ज्ञापन में आरोपी अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाही और सरकार द्वारा जैन मंदिर का पुनर्निर्माण कराए जाने की मांग की। मंगलवार को जैन समाज से जुड़ी कई संस्थाओं के पदाधिकारी सकल जैन समाज के बैनर तले कलेक्ट्रेट पर पहुंचे। जैन समाज के पदाधिकारी व भाजपा नेता सुरेश जैन ऋतुराज के नेतृत्व में जैन समाज के नागरिकों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। सुरेश जैन ऋतुराज ने आरोप लगाया कि मुंबई नगर महापालिका के कुछ अधिकारियों ने एक होटल मालिक से साठ-गांठ करके मुंबई के विले पार्ले में स्थित जैन समाज के प्राचीन दिगंबर जैन मंदिर को तोड़ डाला। सुरेश जैन ने कहा कि जैन समाज अहिंसा के रास्ते पर चलने वाला समाज है। उन्होंने आरोप लगाया कि बावजूद इसके पिछले काफी समय से जैन तीर्थ स्थलों को निशाना बनाया जा रहा है। जैन समाज के नागरिकों ने मुंबई के सीएम से जैन मंदिर तोड़े जाने के जिम्मेदार मुंबई नगर महापालिका के अधिकारियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की। इसी के साथ महाराष्ट्र सरकार द्वारा उक्त स्थान पर दोबारा से एक भव्य जैन मंदिर का निर्माण कराए जाने की मांग उठाई।