
मेरठ हीरा टाइम्स ब्यूरो। हाल ही में भाजयुमो के कार्यकर्ताओं द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन किए जाने को लेकर कांग्रेसियों ने आक्रोश जताया है। मंगलवार को एसएसपी ऑफिस पहुंचे कांग्रेस नेताओं ने कप्तान को प्रार्थना पत्र देते हुए पुतला दहन करने वाले भाजयुमो नेताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की। कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा और पूर्व जिला अध्यक्ष अवनीश काजला के साथ कांग्रेस के दर्जनों कार्यकर्ता मंगलवार को एसएसपी ऑफिस पहुंचे। जहां उन्होंने एसएसपी से मिलकर आरोप लगाया कि कुछ दिनों पहले पुलिस की मौजूदगी में भाजयुमो के कुछ नेताओं ने कमिश्नरी चौराहे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस भी इस दौरान मूकदर्शक बनी हुई पुतला दहन का तमाशा देखती रही। इस घटना पर आक्रोश जाहिर करते हुए कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि प्रशासन का यह दोहरा रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला फूंकने वाले भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज करने और उन्हें जेल भेजे जाने की मांग की। इस दौरान सलीम खान, अभिमन्यु त्यागी, सेवादल अध्यक्ष विनोद सोनकर, दुष्यंत सागर, पवन आदि रहे। थापा और सुमित विकल सहित कई कांग्रेसी मौजूद रहे।