
बोस्टन एजेंसी। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अमेरिका के बॉस्टन में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव पर सवाल उठाए। उन्होंने रविवार शाम भारतीय प्रवासियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह साफ है कि भारतीय चुनाव आयोग समझौता कर चुका है। इस सिस्टम में कुछ गड़बड़ी है। राहुल 2 दिन के अमेरिका दौरे पर हैं। राहुल गांधी शनिवार देर रात को अमेरिका के बॉस्टन एयरपोर्ट पर उतरे थे। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने राहुल गांधी के इस दौरे की जानकारी एक्स पर दी थी। वहीं राहुल के द्वारा चुनाव पर उठाए गए सवाल पर भाजपा ने राहुल को देशद्रोही बोल दिया। इसको लेकर राजनीतिक गलियारों में बवाल मच गया है। राहुल बोले- मैं कई बार कह चुका हूं कि महाराष्ट्र में जितने बालिग नहीं हैं, उससे ज्यादा वोटिंग हुई। चुनाव आयोग ने हमें साढ़े पांच बजे वोटिेंग का आंकड़ा बताया। इसके बाद 5ः30 से शाम 7ः30 के बीच 65 लाख वोटिंग हुई। उन्होंने कहा कि 2 घंटे में 65 लाख वोटिंग नामुमकिन है। एक वोटर को वोट डालने में करीब 3 मिनट लगते हैं। अगर आप गणित लगाएंगे तो पता चलेगा कि रात 2 बजे तक वोटर्स की लाइन लगनी चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। कांग्रेस सांसद ने कहा- हमने चुनाव की वीडियोग्राफी मांगी तो आयोग ने साफ मना कर दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने कानून भी बदल दिया, ताकि हम आगे वीडियो के बारे में सवाल न कर सकें। ‘भारत की संवैधानिक संस्थाओं पर निंदनीय हमला ’: भाजपा नेता सीआर केसवन ने कहा, श्राहुल गांधी, सैम पित्रोदा के साथ नेशनल हेराल्ड मामले में जमानत पर बाहर हैं। दोनों पर आरोप पत्र दाखिल किया गया है और अब वे भारत को बदनाम करने की यात्रा पर निकल पड़े हैं। भारत को गाली देने की यात्रा, एक बार फिर विदेशी जमीन पर। राहुल गांधी ने एक बार फिर भारत की संवैधानिक संस्थाओं पर निंदनीय हमला किया है। उन्होंने भारत के लोकतंत्र को कमजोर करने का असफल प्रयास किया है। राहुल गांधी ने अमेरिका में चुनाव आयोग के बारे में ये बयान दिया है। जहां भी वे हारते हैं राहुल: राहुल गांधी के बयान पर केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि राहुल गांधी तय करें कि जब वे झारखंड में जीते थे, तब क्या देश में अलग चुनाव आयोग था? जहां भी वे जीतते हैं, वहां कहते हैं कि ईवीएम ठीक है और जहां भी वे हारते हैं, वहां कहते हैं कि चुनाव आयोग और ईवीएम गलत है।