मेरठ वरिष्ठ संवाददाता। जिले में एक बार फिर से रिश्तों के कत्ल का मामला सामने आया है। इस बार ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के रहने वाले एक युवक ने देर रात गला दबाकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद ही थाने जा पहुंचा और पुलिस के सामने कत्ल की बात कबूल की। जिसके बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बताया जाता है कि नौ साल पहले दंपति का प्रेम विवाह हुआ था। दोनों की दो बच्चियां भी हैं। उधर, घटना की जानकारी के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा है। जानकारी के मुताबिक माधवपुरम सेक्टर तीन में मोहित भारद्वाज अपनी पत्नी सलोनी और दो बच्चियों आठ वर्षीय आराध्या व छह वर्षीय ईशु के साथ विमलेश के मकान में किराए पर रह रहा था। बताया जाता है शुक्रवार की रात शराब पीने के बाद मोहित का अपनी पत्नी सलोनी से विवाद हुआ। जिसके बाद देर रात लगभग 3ः00 बजे मोहित ने दुपट्टे से गला घोटकर सलोनी की हत्या कर दी। कत्ल के बाद मोहित ने खुद ही पुलिस कंट्रोल रूम में फोन किया और थाने पहुंच गया। थाने पहुंचकर आरोपी ने वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को बताया कि उसने अपनी पत्नी का कत्ल दिया है। जिसके बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने 32 वर्षीय सलोनी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मोहित की मकान मालकिन विमलेश ने बताया कि मोहित लगभग एक साल पहले उसके मकान में किराए पर रहने के लिए आया था। मोहित खुद को बहादुर मोटर के पास स्थित एक स्पेयर पार्ट की दुकान में कर्मचारी बताता था।
मोहित शराब पीने का आदी था। जिसके चलते दंपति में अक्सर विवाद रहता था। पुलिस ने गाजियाबाद के मुरादनगर निवासी सलोनी के पिता प्रेमराज शर्मा को मामले की जानकारी दी। जिसके बाद पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने बताया कि मोहित और सलोनी ने लगभग नौ साल पहले लव मैरिज की थी। घटना के बाद मृतका के परिवार वाले सदमे में हैं।