
मेरठ वरिष्ठ संवाददाता। गत दिवस को वार्ड 18 के भाजपा पार्षद द्वारा नगर निगम की कूड़ा गाड़ी के ड्राइवर को गोली मारने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शुक्रवार को चारों यूनियन के बैनर तले नगर निगम के सफाई कर्मचारी हड़ताल पर रहे। इस दौरान नगर निगम के तमाम विभागों में ताले लटके रहे। सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम में धरना देते हुए पार्षदों पर तानाशाही दिखाने का आरोप लगाया। इसी के साथ पार्षदों के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया है।
ह नगर निगम कार्यालय में लटके ताले: उधर, सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम के पार्षदों पर तानाशाही का रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। शुक्रवार को नगर निगम के तमाम विभागों में ताले लटके रहे। चारों यूनियन के बैनर तले सैकड़ों सफाई कर्मचारियों ने टेंट लगाकर नगर निगम परिसर में धरना दिया। इस दौरान सफाई कर्मचारी नेताओं ने आरोप लगाया कि सबसे अधिक काम करने वाले सफाई कर्मचारी का सबसे ज्यादा उत्पीड़न किया जाता है। 90 वार्डों के तमाम पार्षद सफाई कर्मचारियों को अपना जरखरीद गुलाम समझते हुए अपने मनमाफिक काम कराते हैं। विरोध करने पर सफाई कर्मचारियों का उत्पीड़न करते हैं, जो अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गोली का जवाब अब गोली से दिया जाएगा। उन्होंने इस पूरे प्रकरण में सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा की मांग उठाई। इसी के साथ आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की।