मेरठ वरिष्ठ संवाददाता। लिसाड़ी गेट थाना पुलिस पर जानलेवा हमले के आरोपी हिस्ट्रीशीटर और उसके साथियों की गिरफ्तारी न करने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को पीड़ितों ने मेरठ व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ कप्तान ऑफिस का घेराव किया। मेरठ व्यापार मंडल के पदाधिकारी शैंकी वर्मा ने जिले में बढ़ती अपराधी घटनाओं पर आक्रोश जाहिर किया। वहीं, पीड़ितों ने घटना में फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर सहित उसके साथियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
मेरठ व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष शैंकी वर्मा शुक्रवार को लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के ट्रांसफार्मर वाली गली निवासी सलमान व उसके परिवार को लेकर एसएसपी ऑफिस पहुंचे। सलमान ने आरोप लगाया कि बीती तीन अप्रैल को क्षेत्र के रहने वाले हिस्ट्रीशीटर सलमान उर्फ सल्लू और उसके साथियों ने उसके ऊपर जानलेवा हमला किया था। फायरिंग में एक गोली पास ही में खड़े अलीम नाम के युवक को लगी थी। इसके बाद आरोपी फरार हो गए थे। इस मामले में सभी आरोपियों को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। आरोप है कि पुलिस ने अब तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है।
वहीं, इलाके में खुला घूम रहा हिस्ट्रीशीटर सलमान और उसके साथी पीड़ित पक्ष पर समझौते का दबाव बना रहे हैं। साथ ही धमकी दे रहे हैं कि अगर पीड़ितों ने उनसे समझौता नहीं किया तो वह अपनी लाइसेंसी पिस्टल से उनकी हत्या कर देंगे। वहीं पुलिस से कह देंगे कि दूसरे पक्ष द्वारा उन पर हमला किया गया था, बचाव में की गई फायरिंग में दूसरे पक्ष के युवक की मौत हो गई। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की। वहीं, शैंकी वर्मा ने कप्तान के सामने आरोप लगाया कि जिले में लगातार फायरिंग जैसी अपराधी घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। उन्होंने एसएसपी से ऐसी घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की।
