
मेरठ हीरा टाइम्स ब्यूरो। ब्रहस्पतिवार को वार्ड 18 से भाजपा पार्षद ने नगर निगम डिपो में पहुंचकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
फायरिंग में कूड़ा उठाने वाली गाड़ी का ड्राइवर गोली लगने से घायल हो गया। जिससे गुस्साए नगर निगम के कर्मचारियों ने पार्षद की पिटाई करते हुए सड़क पर जाम लगा दिया। घटना के बाद एसपी सिटी से लेकर कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी पार्षद को गिरफ्तार करते हुए पिस्टल बरामद कर ली गई है। वहीं, घायल ड्राइवर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दरअसल पूरे मामले की शुरुआत ब्रहस्पतिवार की सुबह वार्ड 18 से हुई। बताया जाता है कि नगर निगम के सफाई कर्मचारी वार्ड 18 में कूड़ा उठाने पहुंचे थे। जहां स्थानीय भाजपा पार्षद रविंद्र सिंह की सफाई कर्मचारियों से झड़प हो गई। उस समय तो मामला कहासुनी तक जाकर ठंडा हो गया। मगर दोपहर 12ः00 बजे रविंद्र अपने कुछ साथियों को लेकर सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सूरजकुंड पर स्थित नगर निगम के डिपो में जा धमका। आरोप है कि पार्षद रविंद्र ने डिपो पर मौजूद इंचार्ज राजेश के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथापाई कर दी। जिसकी जानकारी मिलने पर कई सफाई कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। कर्मचारियों ने पार्षद रविंद्र को घेरा तो उसके साथी मौके से फरार हो गए। वहीं, खुद को घिरता देख रविंद्र ने अंटी से पिस्टल निकाल कर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जिसके चलते डिपो में हड़कंप मच गया। बताया जाता है रविंद्र द्वारा आठ से 10 राउंड फायरिंग की गई। जिसमें पैर में गोली लगने से नगर निगम की कूड़ा गाड़ी का ड्राइवर लावड़ निवासी अविनाश घायल हो गया। जिसके चलते सफाई कर्मचारी भड़क उठे और उन्होंने रविंद्र को दबोच कर उसकी जमकर पिटाई की। घटना के बाद गुस्साए कर्मचारियों ने सूरजकुंड डिपो के बाहर जाम लगाकर हंगामा कर दिया। जिसकी जानकारी मिलने पर आनन-फानन में एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह, सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी सिविल लाइन और नौचंदी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। जहां सफाई कर्मचारियों ने हंगामा करते हुए आरोप लगाया कि पार्षदों द्वारा आए-दिन उनका उत्पीड़न किया जाता है। पुलिस ने किसी तरह आरोपी पार्षद को सफाईकर्मियों के चंगुल से छुड़ाते हुए हिरासत में लेकर थाने भेजा। वहीं, घायल अविनाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपी पार्षद रविंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। वहीं, हमले में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद कर ली गई है। सुरक्षा की दृष्टि से नगर निगम डिपो पर पुलिस तैनात कर दी गई है।