मेरठ वरिष्ठ संवाददाता। देर रात नारकोटिक्स डिपार्टमेंट की टीम ने मवाना क्षेत्र में बड़ी कार्यवाही करते हुए ट्रक और कार में सवार चार लोगों को गिरफ्तार किया। ट्रक के अंदर मैली में छुपा कर ले जाया गया गांजा भी बरामद हुआ। जिसकी कीमत लगभग 62 लाख बताई जा रही है। नारकोटिक्स डिपार्मेंट की टीम आरोपियों से पूछताछ में जुटी है। नारकोटिक्स डिपार्टमेंट के सीओ भगवानदास उमराव ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली थी कि एक ट्रक के अंदर शुगर मिल की मैली में छुपा कर गांजे की स्मगलिंग की जा रही है। सूचना पर कार्यवाही करते हुए नारकोटिक्स डिपार्टमेंट की टीम ने मवाना क्षेत्र में देर रात लगभग 12ः00 बजे एक ट्रक और कार की घेराबंदी कर ली। जिसमें सवार चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। ट्रक की तलाशी लेने पर नारकोटिक्स डिपार्मेंट की टीम को ट्रक के अंदर भारी मात्रा में मैली के अंदर छुपाया गया गांजा बरामद हुआ। जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 62 लाख है। मौके से गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों के नाम गौरव राठी पुत्र उदयवीर सिंह निवासी दूधा थाना मंसूरपुर, अरविंद कुमार पुत्र स्वर्गीय कृष्ण पाल निवासी दूधली बांगर थाना मवाना, वाजिद खान पुत्र शाहिद खान निवासी मोहल्ला कल्याण सिंह ढिकोली, कपिल पुत्र नरेंद्र निवासी बिसौला थाना इंचौली हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि यह गांजा वह सकौती टांडा से लेकर आए थे। पुलिस और नारकोटिक्स डिपार्टमेंट की टीम चारों आरोपियों से पूछताछ में जुटी है।
