रायबरेली एजेंसी। स्वामी प्रसाद मौर्य पर एक युवक ने हमला कर दिया। युवक ने पहले स्वामी प्रसाद को माला पहनाई, फिर सिर पर पीछे से हाथ मारकर भागने लगा। स्वामी प्रसाद अचानक से चीखे तो कार्यकर्ता अलर्ट हो गए। उन्होंने मौके से भाग रहे युवक को दौड़ाकर पकड़ लिया। उसे गिराकर पीटने लगे। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने बमुश्किल उसे बचाया। स्वामी प्रसाद मौर्य फतेहपुर जा रहे थे। रास्ते में रायबरेली में रुके थे। मामला मिल एरिया थाना क्षेत्र के सारस चौराहे का है। अभी तक आरोपी की पहचान नहीं हुई। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। करणी सेना के नाम पर कुछ कीड़े-मकौड़े योगी सरकार की कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ा रहे। सरकार गुंगी-बहरी अंधी बनकर तमाशा देख रही। ये हमला पुलिस की मौजूदगी में हुआ, जो दिखाता है कि गुंडे माफिया कितने बेखौफ होकर घूम रहे। माला पहनाने के बहाने आया था युवक: सीओ सिटी अमित सिंह ने बताया- स्वामी प्रसाद फतेहपुर जा रहे थे। दोपहर करीब एक बजे यहां सारस चौराहे पर कार्यकर्ताओं की भीड़ देखकर उनका काफिला रुक गया। उसी दौरान कार्यकर्ता उनको माला पहना रहे थे, तभी एक लड़का पीछे से आया। माला पहनाने के बाद पीछे से उनके सिर पर हाथ मारकर भागने लगा। कार्यकर्ताओं ने उसे पकड़ लिया और पीट दिया। साथ में एक और लड़के को भी पीटा गया है। पुलिस ने बीच बचाव कर दोनों को बचाया। आरोपियों को कोतवाली लेकर जाकर पूछताछ की जाएगी। हमले के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य का काफिला फतेहपुर रवाना हो गया है। सीएम योगी पर टिप्पणी व हिंदुओं पर बयानों से नाराज थे आरोपी: हमले के दौरान मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया- आरोपी हिंदू संगठन से जुड़े हैं। जिसने थप्पड़ मारा है उसके साथ एक और साथी मौके पर मौजूद था। उसे पिटता देख वो उसे बचाने लगा, तभी कार्यकर्ताओं ने दोनों को पकड़ लिया और जमकर पीटा। पिटाई से दोनों के कपड़े फट गए हैं। पुलिस ने किसी तरह दोनों को छुड़ाया और गाड़ी में बिठाया। दोनों युवक स्वामी प्रसाद मौर्य के सीएम योगी और हिंदुओं पर दिए गए बयानों को लेकर नाराज थे। 2 साल पहले लखनऊ में स्वामी प्रसाद को वकील की ड्रेस पहनकर आए युवक ने जूता फेंककर मारा था। स्वामी प्रसाद सपा के पिछड़ा वर्ग के महासम्मेलन में शामिल होने के लिए इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचे थे। कार से उतरकर अंदर जा रहे थे, तभी युवक ने जूते से उन पर हमला कर दिया। सपा कार्यकर्ताओं ने हमलावर युवक को पकड़ लिया। उसको पीट-पीटकर अधमरा कर दिया था। पुलिस ने सपा कार्यकर्ताओं से युवक को छुड़ाया था।
