मेरठ हीरा टाइम्स ब्यूरो। बागपत लोकसभा के सांसद राजकुमार सांगवान ने परतापुर हवाई पट्टी से लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी और अयोध्या के लिए छोटे प्लेन उड़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि मेरठ से हवाई उड़ान शुरू होने से यहां पर व्यापार की संभावनाएं बढ़ेंगी। मेरठ से हवाई उड़ान को लेकर बागपत लोकसभा के सांसद राजकुमार सांगवान ने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन विपिन कुमार से मुलाकात की। सांसद राजकुमार सांगवान ने अध्यक्ष को बताया कि मेरठ में रैपिड ट्रेन चलने के बाद असीम संभावनाएं रोजगार के रूप में बनकर उभर रही हैं। एक्सप्रेसवे से गाजियाबाद की कनेक्टिविटी बहुत अच्छी हो गई है। ऐसे में अब यहां पर बाहर के कारोबारी भी आकर उद्योग लगाने में रुचि दिखा रहे हैं। मेरठ से रोजाना बड़ी संख्या में व्यापारी लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या शहरों के लिए जाते हैं। हवाई उड़ान नहीं होने की वजह से इन शहरों तक जाने में बहुत समय लगता है। मेरठ में परतापुर स्थित हवाई पट्टी पर स्टेट प्लेन आने की काफी पहले से व्यवस्था है। यहां से दूसरे शहरों के लिए छोटे प्लान उड़ाए जा सकते हैं, इसको लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों ने मांग उठाई है। ऐसे में हवाई पट्टी पर जो भी अड़चने हैं, उनको दूर कराकर यहां से हवाई उड़ान शुरू कराई जाए ताकि मेरठ विकास के पथ पर दौड़ सके। यहां से हवाई उड़ान शुरू होने से मेरठ के साथ ही बागपत, हापुड़, शामली, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर के लोगों को भी इसका बड़ा लाभ मिलेगा।
