सहारनपुर संवाददाता। ट्रिपल एस एकेडमी के तत्वावधान में आयोजित शुआई जियाओ की प्रथम इनविटेशनल डिस्ट्रिक्ट प्रतियोगिता में आशा मार्डन स्कूल ने 9 स्वर्ण पदक जीतकर सर्वाधिक पदकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त कर ट्राफी पर अपना कब्जा जमाया, जबकि पाईनवुड स्कूल ने द्वितीय ट्राफी और आशा मार्डन पब्लिक स्कूल ने तृतीय ट्राफी प्राप्त की।
मल्हीपुर रोड स्थित एक बैंकट हॉल में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ गायत्री मंत्र के उच्चारण एवं दीप प्रज्जवलन के साथ संस्था के अध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि कुलदीप त्यागी ने किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों को स्वरक्षा के प्रति जागरूक करना रहा। प्रतियोगिता में 100 से अधिक बच्चों ने भाग लिया और 20 वेट कैटेगरीज में मुकाबले आयोजित किए गए। इनविटेशनल डिस्ट्रिक्ट प्रतियोगिता के अंडर-11 बालक वर्ग में अभि ने प्रथम स्थान, वासु ने द्वितीय, अंशुमान व शिवम पंवार ने तृतीय, अंडर-11 बालिका वर्ग में वृषिता गुप्ता ने प्रथम, जीनल पंवार ने द्वितीय, हरलीन व रियांशिका गर्ग ने तृतीय स्थान, ब्वायज अंडर 50 किलोग्राम वर्ग में नवदीप राणा ने प्रथम, वंश भारद्वाज ने द्वितीय व कृषव मिगलानी व आरव डाबर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त विभिन्न स्कूलों से आए अन्य प्रतिभागियों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अनेक पदक अर्जित किए। इस दौरान आशा मार्डन स्कूल ने 9 स्वर्ण पदक जीतकर सर्वाधिक पदकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त कर ट्राफी पर अपना कब्जा जमाया, जबकि पाईनवुड स्कूल ने द्वितीय ट्राफी और आशा मार्डन पब्लिक स्कूल ने तृतीय ट्राफी प्राप्त की। प्रतियोगिता अंतर्राष्ट्रीय रेफरी प्रदीप त्यागी की देखरेख में संपन्न हुयी। अंतर्राष्ट्रीय पदक विजेता सुश्री सुषमा सिंह व हर्षित बिंदल ने रेफरी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतियोगिता को सफल बनाने में अमित कपिल, पुष्पेन्द्र सैनी, पीयूष मित्तल, पुनीत वर्मा, श्रुति गोयल, नीरू सिंह, शिवानी चौहान, हर्ष अरोड़ा सहित अन्य सहयोगी सदस्यों की भूमिका उल्लेखनीय रही।
