सहारनपुर हीरा टाइम्स ब्यूरो। डॉ.अंबेडकर स्टूडेंट यूनियन की बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 5000 से अधिक सरकारी स्कूलों के मर्जीकरण और लर्निंग बाय डूइंग के नाम पर शिक्षा के भगवाकरण, निजीकरण व मजदूरी आधारित पाठ्यक्रम पर चिंता व्यक्त की गई तथा शिक्षा के क्षेत्र में हस्तक्षेप बंद नहीं होने पर शीघ्र ही बड़ा जनान्दोलन करने की चेतावनी दी गई।
स्थानीय देहरादून रोड संत रविदास छात्रावास में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए यूनियन के संस्थापक रविंद्र कुलवंशी ने कहा कि यह आंदोलन छात्र-छात्राओं के अधिकारों, संविधान और शिक्षा के मौलिक अधिकार की रक्षा के लिए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन पूरी तरह संवैधानिक और शांति पूर्ण होगा, जिसकी पूर्व अनुमति प्रशासन से ली जाएगी।
दीपक जाटव ने लर्निंग बाय डूइंग और मर्जीकरण के खिलाफ सभी अभिभावकों से एकजुट होने का आह्वान किया। नरेश चंद्रा ने आर्टिकल 21ए (शिक्षा का अधिकार) का हवाला देते हुए इसे संविधान का खुला उल्लंघन बताया। डॉ. ओमप्रकाश अनार्य ने मासूम बच्चों की शिक्षा को बचाने के लिए अभिभावकों से एकजुट होने की अपील की।बैठक में अरशद खान, एडवोकेट सुमित बौद्ध, नंदलाल वर्मा, कुमारी खुशी, राजमणि लामा (ग्राम प्रधान), संजय मालिया, पियूष गौतम, हकीम उवैस अली सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने भी आंदोलन को अपना समर्थन दिया। इस मौके पर कुमारी अंजनी नौटियाल, प्रणव कुमार, शशिकांत, आमिर खान, राजेंद्र कुमार, राहुल मास्टर, बृजेश गौतम, अमन कुमार, सुरेंद्र मास्टर, प्रशांत कुमार, सिंटू, अमित सिंह, निखिल, असजद खान आदि मौजूद रहे।
