मवाना संवाददाता। शुगर मिल में कार्यरत कर्मचारी प्रवीण कुमार के बेटे आरव लाटियान ने मवाना सहित पूरे उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया है। आरव उत्तर प्रदेश की अंडर-19 वॉलीबॉल टीम के कप्तान हैं और हाल ही में तेलंगाना में आयोजित राष्ट्रीय वॉलीबॉल चौंपियनशिप में अपनी टीम को जीत दिलाकर स्वर्ण पदक दिलवाया। आरव के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें लखनऊ बुलाकर अपने हाथों से सम्मानित किया और आशीर्वाद भी दिया। लखनऊ स्थित लोकभवन में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने आरव को ट्रॉफी, मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। आरव की इस उपलब्धि पर मवाना शुगर मिल और पूरा मवाना नगर गौरव महसूस कर रहा है। शुगर मिल परिवार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे होनहार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना युवाओं को नई दिशा देने का कार्य करता है। शुगर मिल कर्मचारी अध्यक्ष अशोक चौधरी ने आरव की उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा, ष्हमारे मिल का कोई बेटा अगर प्रदेश स्तर पर नाम कमाता है तो यह हम सबके लिए गर्व की बात है। आरव जैसे बच्चों की मेहनत और लगन आज के युवाओं के लिए प्रेरणा है। आरव की माता रिचा लाटियान ने बेटे की मेहनत और समर्पण पर गर्व जताया और बताया कि आरव शुरू से ही वॉलीबॉल में रुचि रखते हैं। लगातार अभ्यास और आत्मविश्वास ने उन्हें यह मुकाम दिलाया। समस्त मवाना शुगर परिवार ने इस गौरवपूर्ण क्षण पर आरव को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
