
शामली। जिले में झूठी शान और घरेलू विवाद ने एक परिवार को पूरी तरह तबाह कर दिया। एक व्यक्ति ने पहले अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या की, फिर अपनी दो मासूम बेटियों को भी मौत के घाट उतार दिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड की जड़ में पत्नी का बुर्का न पहनना और दंपती के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद था।
कांधला थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी दौलत निवासी फारूक की शादी करीब 18 वर्ष पहले मुजफ्फरनगर जिले के मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव नरा निवासी ताहिरा से हुई थी। दंपती के पांच बच्चे हैं। फारूक पेशे से खाना बनाने का काम करता था और परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, करीब एक माह पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद ताहिरा बच्चों को छोड़कर मायके चली गई थी। उस दौरान वह बुर्का नहीं पहन रही थी, जिस पर फारूक को आपत्ति थी। लगभग 15 दिन बाद वह पत्नी को वापस घर ले आया, लेकिन इसके बाद भी विवाद खत्म नहीं हुआ। ताहिरा ने अपनी मर्जी से जीवन जीने की बात कही, जिससे फारूक और अधिक नाराज हो गया।
जांच में सामने आया है कि फारूक ने तभी पत्नी की हत्या की साजिश रच ली थी। उसने घर में एक सेफ्टी टैंक बनवाना शुरू कराया और पांच दिसंबर को अवैध तमंचा खरीदा। नौ दिसंबर की रात करीब 12 बजे उसने पत्नी से चाय बनाने को कहा। जैसे ही वह रसोई में गई, फारूक ने पीछे से उसके सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गोली की आवाज सुनकर बड़ी बेटी बाहर आई, जिसे फारूक ने भी गोली मार दी। इसके बाद छोटी बेटी वहां पहुंची तो उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई। तीनों शवों को आरोपी ने घर में बने सेफ्टी टैंक में छिपा दिया। सुबह उसने बाकी बच्चों को यह कहकर बहला दिया कि उनकी मां और बहनें रिश्तेदारी में गई हैं।
जब कई दिनों तक ताहिरा और दोनों बेटियां नजर नहीं आईं तो फारूक के माता-पिता को शक हुआ। पूछने पर वह लगातार टालमटोल करता रहा। मंगलवार को परिजन कथित किराए के कमरे तक पहुंचे, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पूछताछ के दौरान फारूक ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने घर में खुदाई कर सेफ्टी टैंक से तीनों शव बरामद किए और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल तमंचा भी बरामद किया गया है।
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पत्नी और दो बेटियों की हत्या के आरोप में फारूक को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बुर्का को लेकर उपजा विवाद ही इस जघन्य वारदात की मुख्य वजह बना।
घटना की जानकारी मिलते ही महिला के मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी से हाथापाई की कोशिश की, जिसे पुलिस ने बड़ी मुश्किल से नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
