लखनऊ एजेंसी। यूपी वालों के लिए अच्छी खबर है। आज मानसून बिहार के रास्ते यूपी में प्रवेश कर सकता है। इससे पहले, प्री-मानसून बारिश का दौर जारी है। वाराणसी और सहारनपुर में बुधवार सुबह से झमाझम बारिश हो रही है। मंगलवार को 13 जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। मौसम विभाग ने आज 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 22 जिलों में बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। पिछले 48 घंटों में आंधी और बारिश से अब तक 45 लोगों की मौत हो चुकी है। मंगलवार की बात करें तो मथुरा में इतनी बारिश हुई कि सड़कें तालाब बन गईं। ट्रैक्टर, बाइक और कारें डूबी नजर आईं। कई इलाकों में कमर तक पानी भर गया। बांके बिहारी मंदिर को जाने वाले रास्ते पर भी पानी भर गया। एक युवक छत पर नहा रहा था, तभी उस पर बिजली गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। आगरा में ताजमहल देखने आए पर्यटकों ने बारिश का लुत्फ उठाया। बच्चे भीगते हुए खेलते नजर आए। खेत में मजदूरी कर रहे एक दंपती की बिजली की चपेट में आकर मौत हो गई।
