मेरठ वरिष्ठ संवाददाता। खुद को ग्रेटर नोएडा में तैनात सब इंस्पेक्टर बताकर भोले-भाले लोगों से ठगी करने वाले युवक को शुक्रवार को पीड़ितों ने ही धर दबोचा। पुलिस वर्दी पहने आरोपी को लेकर जब पीड़ित इंचौली थाने पहुंचे तो पुलिस भी हैरान रह गई। आरोपी के पास से पुलिस की वर्दी, कैप, स्टार और नकली आई कार्ड भी बरामद हुआ है। जिसके बाद पुलिस उससे पूछताछ में जुटी है। दरअसल, मुजफ्फरनगर निवासी शिवकुमार पुत्र प्रेमचंद, सोनू पुत्र रूप सिंह व सुभाष पुत्र ज्ञान सिंह को फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर शुभम राणा नाम का युवक खुद को ग्रेटर नोएडा में तैनात दरोगा बताकर मोटी रकम की डिमांड कर रहा था। दहशत में आए पीड़ित शुक्रवार को मेरठ के सैनी गांव में आरोपी से मिलने पहुंचे थे। जहां पुलिस की वर्दी पहने शुभम राणा ने पीड़ितों को धमकाना शुरू कर दिया। दरोगा की हरकतों पर शक होने पर पीड़ितों ने उसे दबोच लिया और डायल 112 पर फोन करके घटना की जानकारी दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम शुभम राणा पुत्र नत्थी सिंह निवासी नई मंडी मुजफ्फरनगर बताया। आरोपी के पास से पुलिस की वर्दी, पी कैप, 4 स्टार, फर्जी आईडी कार्ड, जूते और मोबाइल फोन सहित पुलिस की वर्दी पहने हुए कुछ फोटो और वीडियो भी बरामद हुए। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह इसी तरह लोगों को धमकाकर अवैध वसूली करता था। थाना प्रभारी इंचौली ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजा जा रहा है।
