सहारनपुर एजेंसी। पहाड़ों पर हो रही बारिश के कारण सहारनपुर में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। 10 गांवों में बरसाती पानी घुस गया है, जिससे 6 से ज्यादा कच्चे मकान गिर गए। मलबे में दबकर 3 बकरियों की मौत हो गई। स्पोर्ट्स कॉलेज जाने वाली सड़क डूब गई है। बारिश के चलते हिंडन नदी उफान पर है। यहां पुल निर्माण में लगी क्रेन बह गई। आज सुबह सहारनपुर में एक घंटे तक जोरदार बारिश हुई। इसके अलावा, झांसी, आगरा, भदोही, रायबरेली समेत 20 शहरों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। झांसी में इतनी बारिश हुई है कि सड़कों पर एक फीट पानी भर गया है। बिजली गिरने से 24 घंटे में 4 लोगों की मौत हो चुकी है। मौसम विभाग ने आज 14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 55 जिलों में बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि 4 दिनों तक ऐसा ही मौसम रहेगा। 24 घंटे में सिर्फ 0.8 मिमी बारिश: पिछले 24 घंटे में 15 शहरों में औसतन 0.8 मिमी बारिश हुई, जो कि सामान्य 5.8 मिमी से 87 फीसदी कम है। एक जून से अब तक प्रदेश में 76.3 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य 74.1 मिमी से 3 फीसदी अधिक है। शुक्रवार की बात करें तो सोनभद्र में 2 घंटे जोरदार बारिश हुई थी। इससे सड़कें तालाब जैसी बन गईं। लोगों के घरों में पानी घुस गया। जालौन में भी दोपहर में तेज बारिश हुई। यहां बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई।
