
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान शनिवार को मौसम ने बड़ी बाधा उत्पन्न कर दी। नदिया जिले में अचानक घने कोहरे और अत्यधिक कम दृश्यता के चलते प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर निर्धारित स्थल पर लैंड नहीं कर सका, जिससे उनके तय कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक, नदिया क्षेत्र में मौसम की स्थिति लगातार खराब बनी हुई थी। विजिबिलिटी बेहद कम होने के कारण हवाई यातायात को सुरक्षित नहीं माना गया। सुरक्षा प्रोटोकॉल और तकनीकी मानकों का पालन करते हुए पायलट ने हेलीकॉप्टर को आगे न ले जाकर कोलकाता वापस लौटाने का निर्णय लिया। प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया गया।
हेलीकॉप्टर के न उतर पाने के बाद वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार किया गया। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब कोलकाता से नदिया के लिए सड़क मार्ग के जरिए यात्रा कर सकते हैं, ताकि कार्यक्रम तय समय में पूरे किए जा सकें। हालांकि, मौसम की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए अंतिम निर्णय संबंधित एजेंसियों द्वारा लिया जाएगा।
इस बीच, राज्य प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां लगातार मौसम पर नजर बनाए हुए हैं। प्रधानमंत्री के दौरे से जुड़े अन्य कार्यक्रमों को लेकर भी तैयारियों की समीक्षा की जा रही है। खराब मौसम के कारण हुए इस बदलाव के बावजूद प्रशासन का प्रयास है कि प्रधानमंत्री के दौरे से संबंधित गतिविधियां सुचारू रूप से संपन्न कराई जाएं।
