
मेरठ। हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर प्रस्तावित मेरठ बंद को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए शहर में पुलिस बल के साथ-साथ पीएसी और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की जा रही है।
प्रशासन के अनुसार, शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और मुख्य मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल मौजूद रहेगा। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था भी लागू की जाएगी।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि आंदोलन को लेकर मंगलवार को आंदोलन समिति के साथ बैठक कर समन्वय स्थापित किया गया है, ताकि स्थिति शांतिपूर्ण बनी रहे। उन्होंने बताया कि बेगमपुल, हापुड़ रोड, सिविल लाइंस, अंबेडकर चौराहा, चौधरी चरण सिंह पार्क, कचहरी परिसर, जिलाधिकारी कार्यालय और बच्चा पार्क सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर पुलिस और पीएसी की तैनाती की जाएगी।
यातायात पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि आंदोलन के दौरान आवागमन बाधित न हो, इसके लिए लगातार निगरानी रखी जाए। जहां अधिवक्ताओं द्वारा जुलूस या धरना आयोजित किया जाएगा, वहां जरूरत के अनुसार रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा। सभी थाना प्रभारियों और क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के स्पष्ट आदेश दिए गए हैं।
