मवाना संवाददाता। मवाना में मंगलवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें 25-25 हजार रुपये के इनामी तीन हिस्ट्रीशीटर बदमाशों सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस कार्रवाई में तीन बदमाशों के पैरों में गोली लगी। सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी मवाना भेजा गया है। एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा के अनुसार, ये बदमाश अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े हैं और लूट व हत्या जैसी संगीन घटनाओं में शामिल रहे हैं। इनके कब्जे से चार तमंचे, कारतूस, खोखा और एक कार बरामद की गई है। शराब दुकान पर की थी लूट: 4 मई की रात मवाना मिल रोड स्थित सरकारी शराब दुकान पर सेल्समैन अशोक कुमार के साथ मारपीट कर लूट की गई थी। अशोक ने पुलिस को बताया कि कुछ युवक सफेद कार में आए और जबरन दुकान खोलकर शराब और बीयर की पेटी लेकर चले गए। इस घटना में अंकित, रजनीश, विनीत और शिवम उर्फ गोलू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। तीनों हिस्ट्रीशीटर और इनामी बदमाश: रजनीश (थाना मवाना), विनीत (थाना किठौर), शिवम उर्फ गोलू (थाना फलावदा) के खिलाफ क्रमशरू 8, 14 और 13 मुकदमे दर्ज हैं। तीनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। वहीं, आरोपी अंकित पूर्व में मारपीट के मामले में जेल जा चुका है। मुठभेड़ में लगी गोली, पुलिस ने किया गिरफ्तार: मंगलवार रात मवाना सीओ और पुलिस टीम तिगरीकट मुबारिकपुर मोड़ के पास चेकिंग कर रही थी, तभी एक कार में सवार पांच लोग पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस के रोकने पर उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में शिवम और विनीत के पैरों में गोली लगी। बाद में रजनीश और अंकित भी मुठभेड़ में घायल हुए। पांचवें आरोपी तरुण को भी मौके से दबोच लिया गया। घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने उनके पास से दो-दो तमंचे बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
