लखनऊ/मेरठ। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं राष्ट्रीय परशुराम परिषद के संस्थापक पंडित सुनील भराला ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास, कालिदास मार्ग लखनऊ पर शिष्टाचार भेंट की। इस महत्वपूर्ण भेंट में पंडित सुनील भराला ने मेरठ जनपद से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण जनहित मुद्दों को मुख्यमंत्री के समक्ष विस्तार से रखा। पंडित सुनील भराला ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर मांस की दुकानों को पूर्णतः प्रतिबंधित करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया और इस निर्णय को श्रद्धालुओं की भावना का सम्मान बताते हुए इसकी सराहना की। उन्होंने आग्रह किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान मेरठ के ऐतिहासिक और आस्था से जुड़े मंदिरों विशेष रूप से (काली पलटन) शिव मंदिर और पुरा महादेव मंदिर बागपत में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाए, साथ ही भक्तों के स्वागत के लिए पुष्प वर्षा कार्यक्रम भी सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने मेरठ के प्रमुख मार्गों कांवड़ रूट, पल्लवपुरम, शताब्दीनगर, वेदव्यासपुरी और आसपास के क्षेत्रों में तेजी से फैल रहे अतिक्रमण एवं गंदगी की गंभीर समस्या की ओर मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट किया। उन्होंने मांग की कि इन क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाने हेतु नगर निगम एवं अन्य विभागों को अभियान चलाने के निर्देश दिए जाएं, जिससे कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुगमता और स्वच्छता का अनुभव हो। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी मुद्दों को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए आश्वस्त किया कि संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देशित किया जाएगा, ताकि जनहित में शीघ्र सकारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित हो सके। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक यात्राओं की मर्यादा और श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु सदैव प्रतिबद्ध है।
