मवाना संवाददाता। थाना मवाना पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अभियुक्तों को अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम सठला निवासी अबरार पुत्र सज्जाद को उसके घर से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान एक देशी बंदूक 12 बोर, 20 कारतूस 12 बोर, एक तमंचा 315 बोर व 20 कारतूस 315 बोर बरामद हुए। पूछताछ में अभियुक्त ने खुलासा किया कि उसने ये हथियार अपने भाई नौशाद को फंसाने के लिए फईम उर्फ लंगड़ा से खरीदे थे। अब्रार ने बताया कि भाई नौशाद द्वारा 22 बीघा जमीन बेचने के पैसे ना देने की रंजिश में उसने गांव के फरीद पुत्र हसीन अहमद के साथ मिलकर साजिश रची थी। फरीद की भी नौशाद से पुरानी रंजिश चल रही थी। पुलिस ने दूसरे अभियुक्त फरीद पुत्र हसीन अहमद को तहसील रोड से गिरफ्तार किया। दोनों अभियुक्तों को आवश्यक कार्यवाही के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम: अबरार पुत्र सज्जाद (ग्राम सठला) , फरीद पुत्र हसीन अहमद (ग्राम सठला) फरार अभियुक्त: फईम उर्फ लंगड़ा पुत्र खुर्शीद पुलिस ने बताया कि फरार अभियुक्त की तलाश जारी है। थाना प्रभारी विशाल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
