सहारनपुर हीरा टाइम्स ब्यूरो। परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों को मर्ज/पेयरिंग के विरोध में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ बैनर तले शिक्षकों ने धरना दिया और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला अधिकारी को सौंपा।
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के बैनर तले सभी शिक्षक हकीकत नगर में धरना स्थल पर एकत्रित हुए और बेसिक शिक्षा परिषद के 50 से कम नामांकन वाले विद्यालयों की पेयरिंग/मर्ज प्रक्रिया का पुरजोर विरोध किया। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिला अध्यक्ष चौधरी रविन्द्र पंवार ने उत्तर प्रदेश सरकार के आदेश का विरोध करते हुए कहा कि छोटे-छोटे बच्चे ज्यादा दूरी पर स्थित स्कूल में नहीं जा पाएंगे। शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के अनुसार एक किलोमीटर के दायरे में प्राईमरी स्कूल व 3 किमी. के दायरे में उच्च प्राथमिक विद्यालय की स्थापना का यह स्पष्ट उल्लंघन है। ग्राम प्रधान संगठन के जिला अध्यक्ष अनुज मदनूकी ने कहा कि अगर सरकार इस आदेश को वापस नही लेगी, तो आगे चलकर इस धरने में ग्राम पंचायत के सभी प्रधान भी उपस्थित होंगे। जिला महामंत्री वैभव चौहान ने कहा कि सबसे पहले अमान्यता प्राप्त विद्यालयों को बंद करने का कार्य करें। गांव की जनसंख्या के हिसाब से मान्यता दें, उनका भौतिक सत्यापन भी हो, सरकार षडयंत्र करके सरकारी संस्था बंद करने का कार्य कर रही है। जिला मंत्री रजनीश सहगल ने कहा कि विद्यालयों के मर्ज हो जाने से शिक्षकों की पदोन्नति, नई भर्ती आदि भी कम होगी। धरने पर सभी ब्लॉक अध्यक्ष अमित चौहान रामपुर, विनय कुमार नागल, योगेन्द्र कुमार देवबंद, शिवकुमार नकुड़, जगवीर सिंह सरसावा, अशोक रावल सढौली कदीम, पुष्कर काम्बोज मुजफराबाद, विमल किशोर पुवारंका, सुरेश कुमार बलियाखेड़ी, आनंद गुप्ता गंगोह, गौरव सिंघल, पंकज चौधरी, मेहताब, राजेश, नारायण सिंह, राजेश सैनी, चंद्रकांत, अजय पांडे, विकास, अनिल गुप्ता, सचिन कुमार, सीमा सिंह, ललित शर्मा, कविंद्रपाल, निशांत शर्मा, जगबीर, मनीष, मिशा, सुभाष, राजेन्द्र, गौरव शर्मा, विनोद, रीता गुप्ता, सविता, भावना त्यागी, कीर्ति, मोहित पंवार, विक्रम, अमित नगर, विभोर, पीयूष, जनेश्वर, प्रवीण, ब्रजपाल सिंह, करण सिंह, शिव कुमार यादव आदि मौजूद रहे।
