मवाना संवाददाता। श्री शिव मंदिर बाबा मोहनराम, खोलीधाम, वामनीवाला की वर्षगांठ के उपलक्ष में भगवान जगन्नाथ जी की ऐतिहासिक रथयात्रा बड़े ही श्रद्धा और भव्यता के साथ निकाली गई। वर्षों से परंपरागत रूप से निकाली जाने वाली इस रथयात्रा का आयोजन भगवान जगन्नाथ शोभायात्रा समिति द्वारा किया गया, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत मंदिर परिसर में भगवान को विधिवत भोग व प्रसाद अर्पित कर की गई। रथयात्रा का शुभारंभ तहसील रोड नगर पालिका छोटे मैदान से किया गया। बाबा मोहनराम खोलीधाम वामनीवाला के महंत सरिता दास की माता उर्मिला देवी व मयंक रस्तोगी, अमर रस्तोगी के साथ मिलकर आरती व घंटा बजाकर किया गया। रथयात्रा के लिए विशेष रूप से भगवान जगन्नाथ, बलराम और सुभद्रा की प्रतिमाओं को जगन्नाथपुरी उड़ीसा से लाया गया था। यात्रा की शोभा देखते ही बन रही थी, जिसमें रथ को रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया था और जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा की गई। भक्तजन नृत्य करते हुए, शंख और ढोल-नगाड़ों की धुन पर झूमते दिखे। रथयात्रा की व्यवस्था में प्रमुख रूप से तान्या रस्तोगी, मयंक रस्तोगी, अमर रस्तोगी, मधुर कौशिक,मोहित रस्तोगी, आशीष रस्तोगी, निपुण चौहान, अमित बल्ले, हिमांशु रस्तोगी,विनोद गुप्ता उर्फ तरचू, दर्शन चौहान, बाली आदि परम श्रद्धालुओं ने विशेष भूमिका निभाई।
