लखनऊ एजेंसी। भाजपा की सरकार में नदियों का बुरा हाल है। पूरे प्रदेश के सीवर ट्रीटमेंट प्लांट बंद कर दिए गए हैं। नालों का पानी और गंदगी सीधे नदियों में डाली जा रही है। बुंदेलखंड की नदियों को इतना खोद दिया गया है कि हर जिले में सड़क पर, खेत के किनारे टीले बने हुए हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि नितिन गडकरी बहुत अच्छे मंत्री हैं। मगर यूपी सरकार में बैठे लोग उनसे कुछ मांग ही नहीं रहे हैं। सात हजार करोड़ की अपने घर की सड़क बना ली: 11 साल से केंद्र में और 9 साल से यूपी में भाजपा सरकार है। इनको 20 साल का हिसाब-किताब देना चाहिए। इतने सालों में कांवड़ियों के लिए क्या व्यवस्था की गई? सात हजार करोड़ रुपए की अपने घर की सड़क बना ली, जो चलने लायक नहीं है। हजार करोड़ में कांवड़ियों के लिए कॉरिडोर बना दिया होता? सपा सरकार बनेगी तो कांवड़ियों के लिए अलग से कॉरिडोर बनाएंगे। उससे न तो दुकानदारों को कोई असुविधा होगी और न ही सड़क पर चलने वालों को। सरकार से कोई नहीं लड़ सकता। बच्चों से राजनीति करवा रही भाजपा: वृंदावन से लोग आना चाहते थे, लेकिन उनका मन बदल गया। एक चौनल पर देखा कि एक बच्ची कह रही है कि वो अच्छे हैं और हम बुरे हैं। बच्चों से राजनीति नहीं करानी चाहिए। सियासत का खेल बड़े लोगों का है, इसमें बच्चों को शामिल नहीं करना चाहिए। बीजेपी के लोग आस्था को व्यापार न बनाएं। आस्था को आस्था रहने दें। सरकार वृंदावन में कॉरिडोर के नाम पर अपने लोगों की जेब भरना चाहती है। इसके लिए कोई प्लानिंग नहीं की गई। ये लोग किसी की खुशी नहीं देख सकते।
गडकरी इतने अच्छे मंत्री, यूपी को कुछ नहीं मिल रहाः अखिलेश यादव ने कहा- नितिन गडकरी इतने अच्छे मंत्री है। मगर यूपी सरकार में बैठे लोग उनसे कुछ मांग ही नहीं रहे। चंबल एक्सप्रेस वे आज तक नहीं बन सका। यह एक्सप्रेस-वे जिन राज्यों से गुजरता, उन सभी राज्यों में भाजपा की सरकार है। ब्रजेश पाठक का खुद इलाज हो रहा: अखिलेश ने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक पर तंज कसा। कहा- वे इलाज मंत्री हैं, लेकिन इंतजाम उनके इलाज का हो रहा है। लखनऊ में आम महोत्सव में सरकार ने आमों की लूट करवाई, ताकि गरीबों का अपमान हो। इस शहर की पहचान नवाबों से थी, लूट से नहीं। देश की 60 प्रतिशत वेल्थ एक प्रतिशत लोगों के पास है।
