
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पश्चिम बंगाल के दौरे पर थे, लेकिन खराब मौसम और घने कोहरे के कारण नदिया में कार्यक्रम स्थल पर उनका हेलीकॉप्टर नहीं उतर सका। इसके चलते पीएम मोदी ने ताहिरपुर रैली को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया और उपस्थित लोगों से क्षमा याचना की।
वर्चुअल संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि उनका प्रयास बंगाल के दूर-दराज इलाकों में आधुनिक कनेक्टिविटी सुनिश्चित करना है, ताकि पिछड़ेपन और अव्यवस्था की वजह से वहां के लोग परेशान न रहें। उन्होंने कहा, “पश्चिम बंगाल की यह धरती ‘वंदे मातरम’ जैसे अमर गीतों और बंकिम चंद्र जैसे महान संतों की जन्मभूमि है। बंगाल और बंगाली संस्कृति हमेशा से भारत को समृद्ध करती रही है। जय निताई। मेरे सभी बंगाली भाइयों और बहनों को हार्दिक शुभकामनाएं।”
बंगाल के विकास में अड़चनें
पीएम मोदी ने बिहार चुनाव के नतीजों का हवाला देते हुए कहा कि इन नतीजों ने बंगाल में बीजेपी की जीत के रास्ते खोल दिए हैं। उन्होंने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका मोदी या बीजेपी का विरोध करना कोई नई बात नहीं, लेकिन बंगाल के विकास में बाधा क्यों डाली जा रही है। पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि बंगाल में घुसपैठियों को टीएमसी का संरक्षण मिल रहा है।
जंगलराज का अंत जल्द
प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार की तरह बंगाल से भी ‘महाजंगलराज’ का जल्द अंत होगा। उन्होंने कहा, “जिस तरह बिहार की जनता ने जंगलराज को नकार दिया, अब बंगाल की जनता भी तैयार है। बिहार ने बंगाल में जीत का रास्ता दिखाया है। गंगा बिहार से बहकर बंगाल पहुंचती है।”
टीएमसी सरकार पर हमला और भाजपा का चुनावी अभियान
पीएम मोदी ने टीएमसी सरकार को ‘कटमनी की सरकार’ बताते हुए कहा कि इसे उखाड़ फेंकना ही होगा। इसी जनसभा के माध्यम से पीएम मोदी ने बंगाल में भाजपा के चुनावी अभियान की शुरुआत की और जनता से भाजपा को मौका देने की अपील की। रैली से पहले उन्होंने वर्चुअल माध्यम से 3,200 करोड़ रुपये की दो राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।
बता दें कि यह पीएम मोदी का बंगाल का पहला दौरा था, जो राज्य में एसआइआर का मसौदा सूची जारी होने के बाद हुआ। नदिया जिले में घने कोहरे और खराब विजिबिलिटी के कारण सुरक्षा और तकनीकी कारणों से हेलीकॉप्टर कोलकाता लौट गया।
