मेरठ वरिष्ठ संवाददाता। रविवार की शाम सरूरपुर थाना क्षेत्र में मेरठ-करनाल हाईवे स्थित भूनी टोल प्लाजा पर टोलकर्मियों द्वारा सेना के जवान और उसके भाई की पिटाई का मामला तूल पकड़ गया है। सोमवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने टोल प्लाजा पर पहुंचकर हंगामा करते हुए तोड़फोड़ कर दी। ग्रामीणों का रौद्र रूप देख टोल कर्मचारी जान बचाकर भाग खड़े हुए। मौके पर पहुंचे अधिकारियों के सामने ग्रामीणों ने टोलकर्मियों पर गुंडागर्दी का आरोप लगाते हुए गांव से टोल प्लाजा हटाए जाने की मांग की। अधिकारियों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। बताते चलें कि सरूरपुर थाना क्षेत्र के गोटका गांव का रहने वाला कपिल पुत्र कृष्णपाल सेना का जवान है। जिसकी तैनाती फिलहाल श्रीनगर में है। कुछ दिनों से कपिल छुट्टी लेकर घर आया था। रविवार को श्रीनगर वापस लौटने के लिए कपिल अपने परिजनों के साथ कार से दिल्ली एयरपोर्ट जा रहा था। इसी दौरान भूनी टोल प्लाजा पर जाम में कार फंसने से कपिल की टोलकर्मियों से मामूली कहा-सुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद टोल कर्मचारियों ने कपिल और उसके भाई शिवम को घेर कर लाठी-डंडों से दोनों भाइयों की बेरहमी के साथ पिटाई की। जिसमें फौजी और उसका भाई गंभीर रूप से घायल हुए। वहीं, एक टोल कर्मचारी भी घायल हुआ था। कपिल के पिता कृष्णपाल द्वारा इस मामले में एक को नामजद करते हुए आधा दर्जन से अधिक टोलकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। उधर, कपिल के साथ हुई घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सोमवार की सुबह सैकड़ों ग्रामीणों ने टोल का घेराव करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। गुस्साए ग्रामीणों ने टोल बैरियर और केबिनों पर धावा बोलते हुए जमकर तोड़फोड़ की। ग्रामीणों का रौद्र रूप देखकर टोलकर्मी जान बचाकर मौके से भाग खड़े हुए। जिसके बाद ग्रामीण टोल प्लाजा पर ही धरना देकर बैठ गए। सूचना पर एसडीएम सरधना तीन थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की। ग्रामीणों ने आला अधिकारियों को मौके पर बुलाकर टोल प्लाजा को तुरंत गांव से हटाए जाने की मांग की। अधिकारियों ने जैसे-तैसे आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही का आश्वासन दिया। वहीं, एसपी देहात राकेश मिश्र ने बताया कि फौजी की पिटाई के मामले में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है।
