मेरठ हीरा टाइम्स ब्यूरो। नगर के वार्ड-2 में अचानक सबमर्सिबल पंप खराब हो गया, जिससे पूरे मोहल्ले की पानी आपूर्ति ठप हो गई। समस्या की जानकारी मिलते ही वार्ड सभासद मौके पर पहुँचे और आधी रात को ही धरने पर बैठ गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पालिका अध्यक्ष सबीला बेगम ने तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था के तहत टैंकरों से मोहल्ले में पानी की सप्लाई करवाई, ताकि लोगों को पीने के पानी की कमी न हो। रक्षा बंधन के दिन पानी न होने से क्षेत्रवासियों, विशेषकर महिलाओं को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। हालात बिगड़ते देख पालिका अध्यक्ष ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभासद रंजीत सिंह भाटी के पास अपने पुत्र शाहवेज अंसारी को मौके पर भेजा। दोनों ने पलका टीम के साथ मिलकर खराब पंप को हटवाया और नया पंप लगवाने का कार्य शुरू कराया। कड़ी मशक्कत के बाद नया पंप स्थापित कर पानी की सप्लाई सुचारु रूप से बहाल कर दी गई। पानी आते ही मोहल्लेवासियों के चेहरों पर राहत और खुशी झलक उठी। लोगों ने पालिका अध्यक्ष, सभासद और पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।
