सहारनपुर हीरा टाइम्स ब्यूरो। थाना बेहट पुलिस ने भोले भाले लोगो को रुपयों का लालच देकर उनके आईडी कार्ड व फोटो का इस्तेमाल कर उनके नाम पर फाईनेन्स कंपनी से लोन कराकर नये वाहन खरीदने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर पांच शातिर जालसाजों को गिरतार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने दबोचे गये आरोपियों के कब्जे व निशानदेही पर 15 बाईके व अवैध असलाह बरामद कर उनका चालान काटकर जेल भेज दिया है। पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों के समक्ष घटना का खुलासा करते हुए एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि थाना बेहट प्रभारी सूबे सिंह व उपनिरीक्षक अजब सिंह, रोबिल्स कुमार, दीपक कुमार व अमित यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आज वाहन चैकिंग के दौरान दो आरोपियों समीर उर्फ शेरा पुत्र जबरूद्दीन निवासी मौहल्ला गुर्जरवाड़ा थाना देवबन्द व नौशाद उर्फ भूरा पुत्र मंजूर अहमद निवासी रांगड़ों का पुल थाना कुतुबशेर को रोककर बाईक पर लिखे रजिस्टर नम्बर को वाहन ऐप पर चैक किया, तो गलत पया गया। श्री जैन ने बताया कि जब दबोचे गये आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उन्होंने बताया कि उनके 04 अन्य साथी गंदेवड़ रोड पर गुरुद्वारे के सामने वाले रास्ते पर खण्डहर में फाईनेन्स पर खरीदी गयी नयी 13 बाईको की रखवाली कर रहे है। इस सूचना पर जैसे ही पुलिस टीम गंदेवड़ रोड पर खण्डर के पास पहुँची, तो चार आरोपी बाईक छोड़कर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस टीम ने घेर घोटकर तीन आरोपियों अनमोल पुत्र प्रमोद निवासी शिव कालोनी थाना सरसावा, आदित्य पुत्र अशोक निवासी शास्त्री विहार चिलकाना रोड, असद उर्फ चाँद पुत्र लियाकत अली निवासी देवबन्द पठानपुरा थाना देवबन्द को गंदेवड रोड पर गुरूद्वारे के सामने वाले रास्ते पर खण्डर के पास से गिरतार कर लिया। श्री जैन ने बताया कि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। फरार अभियुक्त की तलाश के लिए लगातार कॉम्बिंग की जा रही है। पुलिस ने दबोचे गये आरोपियों की निशानदेही पर खण्डर में छुपा कर रखी गयी 13 नयी बाईके व अवैध असलाह बरामद कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पहले हम भोले भाले व जरूरतमन्द लोगों को कुछ रुपयों का लालच देकर अपने विश्वास में ले लेते हैं और उनसे उनके आधार कार्ड, आईडी कार्ड व फोटो लेकर उनके नाम पर फाईनेन्स कंपनी से लोन कराकर वाहन खरीद लेते हैं। फिर हम सब मिलकर फाईनेन्स पर ली गयी नयी बाईको को दूसरे राज्यों व अन्य जगहों पर सस्ते दाम में बेच देते हैं। पुलिस ने दबोचे गये आरोपियों का चालान काटकर जेल भेज दिया।
