सहारनपुर हीरा टाइम्स ब्यूरो। अपर आयुक्त प्रशासन रमेश यादव के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग व विधुत विभाग की टीमों के कस्बे के कई पनीर फैक्ट्रियों में की छापेमारी से पनीर कारोबारियों में हड़कंप मचा रहा। छापे के दौरान खाध सुरक्षा विभाग की टीम की मौजूदगी में लगभग दस कुंतल पनीर गायब होने से एक ओर जहां विभाग की कार्य शैली पर सवालिया निशान लग गया। वहीं दूसरी ओर एक पनीर फैक्ट्री में बिजली की चोरी भी पकड़ी गई। सहारनपुर मंडल के अपर आयुक्त प्रशासन रमेश यादव के नेतृत्व में मुजफरनगर व शामली के उपजिलाधिकारी, सहायक खाद्य सुरक्षा आयुक्त प्रथम अशोक शर्मा, सहायक खाद्य सुरक्षा आयुक्त द्वितीय मनोज कुमार वर्मा, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी धनंजय शुक्ला, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुजफर नगर वैभव शर्मा, सुनील कुमार, मनोज कुमार, व शामली के खाद्य सुरक्षा अधिकारी कंवरपाल ने पुलिस टीम के साथ घासौती रोड पर छापेमारी की। इसके बाद टीम ब्लाक रोड स्थित एक भाजपा नेता के घेर मे संचालित पनीर फैक्ट्री में पहुंची तथा वहां से लगभग 11 कुन्तल सिंथेटिक पनीर को अपने कब्जे में ले लिया तथा वहां कुछ खाद्य सुरक्षा अधिकारियो को छोड़कर टीम बाईपास रोड स्थित इरशाद पनीर फैक्ट्री पहुंची, तो वहां बिना लाइसेंस पनीर फैक्ट्री संचालित मिली, तो टीम ने वहां से भारी मात्रा में पनीर को अपने कब्जे में ले लिया। मौके पर बिजली चोरी मिलने की सूचना पर विद्युत विभाग के अधिशासी अभियन्ता विजय कुमार व उपखण्ड अधिकारी संजीव कुमार भी मौके पर पहुंचे तथा फैक्ट्री संचालक के खिलाफ बिजली चोरी का मामला भी दर्ज कराया। इरशाद पनीर फैक्ट्री पर छापा मारकर टीम पुनः नेशनल पनीर फैक्ट्री पहुंची, तो मौके से दस कुन्तल पनीर गायब होने पर अपर आयुक्त रमेश यादव ने नाराजगी जताई तथा मौके पर मौजूद पनीर को तहसीलदार रामपुर मनिहारान जितेन्द्र कुमार सिंह व नायब तहसीलदार संजीव कुमार की देखरेख में नगर पंचायत की टीम को बुलाकर नष्ट कराया। उधर, छापेमारी के दौरान नेशनल पनीर फैक्ट्री से दस कुन्तल पनीर गायब होना। कही न कही खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यशैली पर भी प्रश्न चिन्ह लगाता है। बताया जाता है कि रामपुर मनिहारान में बड़े पैमाने पर सिंथेटिक पनीर बनाने की शिकायत मुख्यमंत्री से की गई थी, जिसके चलते आज अपर आयुक्त प्रशासन रमेश यादव के नेतृत्व में टीमो का गठन किया गया था। इससे पूर्व भी रामपुर मनिहारान में बड़े पैमाने पर नकली पनीर बरामद हुआ था। चर्चा है कि इस नकली पनीर के खेल के पीछे भाजपा के एक जनप्रतिनिधि का संरक्षण है। अब देखना यह है कि रामपुर मनिहारान में नकली पनीर कारोबारियों को पर्दे के पीछे संरक्षण देने वाले लोगो को आखिरकार प्रशासन बेनकाब करने में कामयाब हो पाता है नही?
