
मेरठ–दिल्ली के बीच चल रही देश की पहली रीजनल रैपिड रेल ‘नमो भारत’ ट्रेन ने कम समय में यात्रियों के बीच मजबूत भरोसा कायम कर लिया है। शुरुआत के दो वर्षों में ही यह ट्रेन दो करोड़ से अधिक फेरे पूरे कर चुकी है। बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने इसकी आवृत्ति और बढ़ाने की दिशा में नई योजना पर काम शुरू कर दिया है, ताकि भविष्य में यात्रियों को हर तीन मिनट में ट्रेन उपलब्ध कराई जा सके।
82 किलोमीटर लंबे दिल्ली–मेरठ कॉरिडोर का फिलहाल 55 किलोमीटर हिस्सा संचालित है, जिसमें मेरठ साउथ (भूड़बराल) से दिल्ली के न्यू अशोक नगर तक नमो भारत सेवा उपलब्ध है। इस रूट पर प्रतिदिन औसतन 55 से 60 हजार यात्री सफर कर रहे हैं। अक्टूबर 2023 में संचालन शुरू होने के बाद से यात्रियों की संख्या में लगातार इजाफा दर्ज किया जा रहा है, जिसके चलते पहले 15 मिनट और फिर 10 मिनट का ट्रेन अंतराल लागू करना पड़ा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 20 अक्टूबर 2023 को साहिबाबाद से दुहाई डिपो के बीच 17 किलोमीटर लंबे प्राथमिक खंड का उद्घाटन किया था। इसके अगले दिन से यात्री सेवाएं शुरू हो गई थीं। पहले ही महीने में यात्रियों की संख्या 72 हजार के पार पहुंच गई थी। वर्ष 2024 में कॉरिडोर का विस्तार करते हुए मार्च में मोदीनगर नॉर्थ और अगस्त में मेरठ साउथ स्टेशन तक सेवा शुरू की गई। साल के अंत तक नौ स्टेशनों के साथ 42 किलोमीटर का हिस्सा खुलने से दिसंबर 2024 में मासिक यात्रियों की संख्या करीब सात लाख तक पहुंच गई।
जनवरी 2025 में न्यू अशोक नगर से साहिबाबाद तक दिल्ली सेक्शन के 13 किलोमीटर लंबे अतिरिक्त खंड का उद्घाटन किया गया, जिसमें आनंद विहार जैसे प्रमुख स्टेशन को शामिल किया गया। इसके बाद जुलाई 2025 तक मासिक यात्रियों की संख्या लगभग 15 लाख तक पहुंच गई, जबकि एक दिन में रिकॉर्ड 81,550 यात्रियों ने नमो भारत में सफर किया।
यात्रियों के बीच नमो भारत ट्रेन के लोकप्रिय होने के कई कारण हैं। हर 10 मिनट में उपलब्धता, पूरी तरह वातानुकूलित कोच, आरामदायक सीटें, सामान रखने और मोबाइल चार्जिंग की सुविधा, बेहतर पार्किंग व्यवस्था और कोहरे में भी समय पर संचालन इसे खास बनाते हैं। इसके अलावा सुबह छह बजे से रात दस बजे तक सेवा और रैपिडो व उबर जैसी परिवहन सेवाओं से जुड़ाव यात्रियों के सफर को और सुविधाजनक बना रहा है।
