रात को मुठभेड़ में दो बदमाश दबोचे
मेरठ। सोमवार को मेडिकल थाना क्षेत्र में महिला से मोबाइल लूटकर फरार हुए लुटेरों का देर रात नौचंदी पुलिस से सामना हो गया। इस दौरान दोनों ओर से हुई फायरिंग में एक लुटेरा पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने दोनों लुटेरों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से लूटा हुआ मोबाइल और लूट में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। सीओ सिविल लाइन ने बताया कि घायल लुटेरे के खिलाफ लगभग 13 मुकदमे दर्ज हैं। सीओ सिविल लाइन ने बताया कि सोमवार को बाइक सवार दो लुटेरों ने मेडिकल थाना क्षेत्र में एक महिला से मोबाइल लूट लिया था। महिला द्वारा मेडिकल थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। जिसके बाद मेडिकल और नौचंदी पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी थीं। देर रात नौचंदी पुलिस नौचंदी मैदान के पास चौकिंग कर रही थी। इस दौरान बाइक पर आ रहे दो युवकों को रोका गया तो वह पुलिस टीम पर फायरिंग करके फरार होने लगे। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। जबकि उसके दूसरे साथी को भी पुलिस ने धर दबोचा। घायल बदमाश ने अपना नाम वसीम निवासी आम का पेड़ लक्कीपुरा और बदमाश के साथी ने अपना नाम सरताज निवासी पुदीने वाला खेत लिसाड़ी गेट बताए। बदमाशों के पास से एक तमंचा-कारतूस, मेडिकल क्षेत्र में महिला से लूट गया वीवो मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई। पूछताछ के दौरान पता चला कि वसीम के खिलाफ मेरठ के विभिन्न थानों में लगभग 13 मुकदमे दर्ज हैं। दोनों बदमाश पिछले कई दिनों से लूट और चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, उसका साथी सरताज पुलिस हिरासत में है। जिससे पूछताछ जारी है।
