सहारनपुर हीरा टाइम्स ब्यूरो। अंतर्राष्ट्रीय एमएसएमई दिवस के अवसर पर सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान के अन्तर्गत वृहद लोन वितरण कैंप में 110 लाभार्थियों को विविध परियोजनाओं के अन्तर्गत 3 करोड़ 65 लाख के लोन वितरित किए। कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में आयोजित वृहद लोन वितरण कैंप में जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि यह उत्तर प्रदेश सरकार की अति महत्वाकांक्षी योजना है। जिसके अन्तर्गत सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को गति प्रदान करते हुए इन उद्योगों को प्रोत्साहित करने एवं इस क्षेत्र में अधिक से अधिक रोजगार सृजित किये जाने तथा प्रदेश में पूंजी निवेश को आकर्षित करने हेतु प्रतिवर्ष 01 लाख नई सूक्ष्म इकाईयां स्थापित किये जाने के लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस योजना में 5 लाख रूपये तक का ऋण जिला उद्योग केंद्र के माध्यम से बैंको द्वारा वितरित किए जायेंगे। योजना में मुख्य रूप से 10 प्रतिशत सब्सिडी दी जाएगी जो ब्याज मुक्त योजना है। मनीष बंसल ने लाभार्थियों को कहा कि सरकार की प्राथमिकता अधिक से अधिक रोजगार स्थापित करने की है। जिलाधिकारी ने सभी बैंक प्रतिनिधियों को निर्देश देते हुए कहा कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होने निर्देश दिए कि बैंक अधिक से अधिक ऋण योजनाओं को स्वी.त कराएं। उन्होने कहा कि सभी बैंकों में प्राप्त आवेदन पत्रों के सापेक्ष यथाशीघ्र ऋण वितरण की कार्रवाई की जाए। बैठक में उपायुक्त उद्योग वीके कौशल, सहायक आयुक्त उद्योग डॉ.बनवारी लाल सहित संबंधित अधिकारी एवं विभिन्न बैंको के प्रतिनिधि एवं लाभार्थी उपस्थित रहें।
