सहारनपुर हीरा टाइम्स ब्यूरो। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने राजकीय मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया और मेडिकल कॉलेज परिसर में निर्माणाधीन ऑडिटोरियम, क्रिटिकल केयर 50 बेडेड अस्पताल, 60 बेडेड नर्सिंग कॉलेज की प्रगति को देखा।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने ऑडिटोरियम के निर्माण में गुणवत्ता, फिनिशिंग एवं तकनीकी कमियों पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने प्रधानाचार्य को कहा कि कमियों को दूर करने के बाद ही हैण्डओवर लें। यदि अति आवश्यकता हो तो आंशिक रूप से हस्तान्तरण लिया जाए। उन्होंने 50 बेडेड क्रिटिकल केयर अस्पताल में गुणवत्ता ठीक पाई, लेकिन निर्माण की गति धीमी थी। इस संदर्भ में उन्होने निर्देश दिए कि निर्माण की गति को बढाया जाए और अतिरिक्त श्रमिक लगाकर कार्य को यथाशीघ्र पूर्ण किया जाए। उन्होंने 60 बेडेड नर्सिंग कॉलेज में गुणवत्ता ठीक पाई गयी लेकिन धीमी गति से कार्य होने पर नाराजगी व्यक्त की गयी। उन्होने कहा कि गुणवत्ता बनाए रखते हुए अतिरिक्त श्रमिक लगाकर कार्य को समय से पूर्ण किया जाए।
मनीष बंसल ने प्रधानाचार्य मेडिकल कॉलेज को कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में राजकीय मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध सुविधाएं अच्छे तरीके से आमजन को मिल सकें, इस पर विशेष ध्यान दिया जाए। इस दौरान प्रधानाचार्य राजकीय मेडिकल कॉलेज डॉ.सुधीर राठी सहित संबंधित कार्यदायी संस्था के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
