मवाना संवाददाता। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) मेरठ के महात्मा गांधी प्रेक्षागृह में जनपद के प्राथमिक व कंपोजिट विद्यालयों के शिक्षकों के क्षमता संवर्धन हेतु एकीकृत शिक्षण प्रशिक्षण मॉड्यूल ‘संपूर्ण’ पर आधारित पाँच-दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्राचार्य मनोच कुमार आर्य, वरिष्ठ प्रवक्ता सलमान मैराज, डॉ अमित सिंह (प्रभारी), प्रवक्ता प्रदीप कुमार, डॉ पूजा शर्मा, प्रतिमा यादव व नरेश कुमार ने माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन के साथ किया। वरिष्ठ प्रवक्ता सलमान मैराज ने अपने उद्भाषण में बताया कि यह प्रशिक्षण नेप 2020, निपुण भारत एवं अन्य समसामयिक शैक्षिक आवश्यकताओं को समेटता है और शिक्षकों के शिक्षण कार्य को अधिक प्रभावी बनाएगा। प्राचार्य मनोच कुमार आर्य ने कहा कि कार्यक्रम शिक्षकों-छात्रों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है तथा शैक्षणिक व गैर-शैक्षणिक दायित्वों के निर्वहन में सहायक सिद्ध होगा। प्रशिक्षण प्रभारी डॉ अमित सिंह ने शिक्षकों से नियमित उपस्थिति तथा पूर्ण मनोयोग से सहभागिता का आह्वान किया। उन्होंने एनसीईआरटी आधारित नवीन पाठ्य-पुस्तकों का उन्मुखीकरण कराया और जल्द ही पुस्तकों के विद्यालयों में उपलब्ध होने की जानकारी दी। डॉ पूजा शर्मा ने प्राथमिक शिक्षा के परिप्रेक्ष्य में नेप 2020 व एनसीएफ एफसी 2023 की संस्तुतियों पर प्रकाश डालते हुए खेल-आधारित शिक्षण, संवादात्मक शैलियों और हल्के पाठ्यक्रम की दृष्टि साझा की। प्रतिमा यादव ने निपुण भारत मिशन के तहत आधारभूत साक्षरता व गणना की उपलब्धियों के लक्ष्यों को रेखांकित किया, जबकि प्रदीप कुमार ने कला व संगीत के माध्यम से रुचि-विकास व प्रभावी शिक्षण की उपयोगिता बताई। नरेश कुमार ने कार्यक्रम की व्यापकता पर जोर देते हुए सुरक्षा-संरक्षा, खेल व गतिविधि-आधारित शिक्षण, नवीन पाठ्य-पुस्तकें, कला-संगीत तथा गणित, विज्ञान, सामाजिक अध्ययन व पर्यावरण जागरूकता जैसे विषयों पर संयुक्त प्रशिक्षण का विवरण दिया। आयोजकों ने विश्वास जताया कि यह प्रशिक्षण अपने नाम ‘संपूर्ण’ को पूर्णतः सार्थक करेगा और प्राथमिक स्तर के शिक्षकों को नई शिक्षण चुनौतियों के लिए सक्षम बनाएगा।
