
जिले में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य अब लगभग पूरा हो चुका है। प्रशासन ने बताया कि कुल कार्य का 99.5 प्रतिशत हिस्सा पूरा कर लिया गया है।
पुनरीक्षण के दौरान 78 प्रतिशत मतदाताओं के गणना प्रपत्र भरकर प्राप्त हो चुके हैं, जबकि 22 प्रतिशत मतदाताओं के नाम मृतक, शिफ्ट, डबल और अनुपस्थित (ASD) सूची में दर्ज किए गए हैं। इसी बीच चुनाव आयोग ने सभी प्रक्रियाओं को पूरा करने के लिए 15 दिन का अतिरिक्त समय प्रदान किया है।
जिले के 2,758 बूथों में से 2,628 बूथों पर एसआईआर कार्य पूरी तरह संपन्न हो चुका है। शेष 130 बूथों पर भी लगभग 97 प्रतिशत कार्य हो गया है। प्रशासन को उम्मीद है कि शुक्रवार शाम तक इन बूथों का कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा।
सहायक निर्वाचन अधिकारी सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि गणना प्रपत्रों का कार्य पूरा होने के बाद प्रत्येक बूथ पर मृतक, शिफ्ट, डबल और अनुपस्थित मतदाताओं की सूची चस्पा की जाएगी। यदि किसी को इन सूचियों में दर्ज नामों को लेकर कोई आपत्ति है तो वह बीएलओ या जिला निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय से संपर्क कर सकता है।
अब तक 6 लाख 48 हजार मतदाताओं को मृतक, शिफ्ट, डबल और अनुपस्थित की श्रेणी में चिह्नित किया गया है। सूची सार्वजनिक करने के बाद लोगों से आपत्तियाँ आमंत्रित की जाएँगी।
