मेरठ हीरा टाइम्स ब्यूरो। बुढाना गेट कांग्रेस कार्यालय पर महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रंजन शर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष अवनीश काजला, प्रवक्ता हरिकिशन अंबेडकर सलीम खान ने पत्रकार वार्ता के माध्यम से प्रदेश सरकार और मेरठ प्रशासन की कार्यशैली पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि मेरठ जनपद में आम जनता की समस्याएँ लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन उन्हें उठाने की कोशिशों को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल द्वारा उत्तर प्रदेश के डीजीपी और प्रमुख सचिव गृह से जनहित के मुद्दों पर चर्चा हेतु समय मांगा गया था, किंतु उन्हें समय नहीं दिया गया, जो कि लोकतांत्रिक संवाद की अनदेखी है। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष रजंन शर्मा ने कांवड़ यात्रा की तैयारियों में आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर शिव भक्त कावड़िया की सुरक्षा, पेयजल, चिकित्सा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भारी चिंताएं हैं। कांग्रेस ने श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की। जीआरएस सर्वे के नाम पर नगर निगम द्वारा हाउस टैक्स में भारी वृद्धि कांग्रेस पार्टी ने इसे मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों पर आर्थिक अत्याचार करार दिया है। यह निर्णय जनविरोधी है और इसे अविलंब वापस लिया जाना चाहिए। मेरठ प्रशासन द्वारा रात 11 बजे बाजार बंद कराने का निर्णय लिया गया यह निर्णय व्यापारियों और उपभोक्ताओं दोनों के लिए असुविधाजनक है। पूर्व महानगर अध्यक्ष जाहिद अंसारी ने कहा कि समय रहते सफाई न होने से शहर जलभराव की चपेट में है, जिससे नागरिकों को भारी कठिनाइयों और बीमारियों के खतरे का सामना करना पड़ रहा है। यह नगर निगम की घोर लापरवाही का प्रतीक है। अतिक्रमण के नाम पर छोटे दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी वालों का उत्पीड़न किया जा रहा है। निजी स्कूलों द्वारा गरीब बच्चों को दाखिला न देना आरटीई का उल्लंघन है। यूपी सरकार द्वारा हजारों सरकारी स्कूल बंद करने या मर्ज करने की योजना शिक्षा विरोधी है। कांग्रेस इसका पुरजोर विरोध करती है और इसे गरीब बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ मानती है। इस मौके पर रंजन शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर इन सभी मुद्दों को सड़क से सदन तक उठाएगी। यदि प्रशासन जनभावनाओं को नजरअंदाज करता रहा, तो कांग्रेस आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
