
घने कोहरे के चलते शनिवार सुबह गाजियाबाद–अलीगढ़ हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। बुलंदशहर जिले के थाना अरनिया क्षेत्र में पहावटी चेकपोस्ट के पास दृश्यता बेहद कम होने के कारण करीब दस वाहन आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में आठ लोग घायल हो गए, जिनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल चार लोगों को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया, जिसे क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर बहाल कराया गया।
थाना अरनिया प्रभारी रितेश कुमार ने बताया कि हादसा सुबह करीब नौ बजे हुआ। बुलंदशहर से अलीगढ़ की ओर जा रहे वाहनों की रफ्तार घने कोहरे के कारण नियंत्रित नहीं रह सकी, जिससे एक ट्रक, दो पिकअप समेत कई कारें आपस में भिड़ गईं। दुर्घटना में एक बोलेरो वाहन को सबसे अधिक नुकसान पहुंचा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
