सहारनपुर हीरा टाइम्स ब्यूरो। मिर्जापुर क्षेत्रान्तर्गत शिवालिक पहाड़ियों में हुई बारिश के बाद स्पोर्ट्स कॉलेज के पास से गुजर रही बरसाती नदी गांगराव नदी में पानी का सैलाब आ गया। पानी ने ऐसा रौद्र दिखाया कि स्पोर्ट्स कॉलेज और गांवो की सुरक्षा के लिए बनाई गई सुरक्षा दीवार से ओवरलो कर पानी दिल्ली यमुनोत्री हाइवे पार कर कई गांवों में घुस गया, जिससे किसानों की सैकड़ों बीघा फसले नष्ट हो गई। शिवालिक पहाड़ियों में हुई बारिश के बाद मंगलवार की सुबह करीब दस बजे बरसाती नदी में सैलाब आ गया, जिससे पानी बनाए गए रपटे से टकराकर और सुरक्षा दीवार से ओवरलो होकर खेतो और कई गांवों में घुस गया। पानी रौद्र रूप दिखाते दिल्ली यमुनोत्री हाइवे को पार करते हुए गांव ताहरपुर, असगरपुर, फतेहल्लापुर, महमूदपुर आदि कई गांवों के घरों में घुस गया। नदी में आई बाढ़ से कुछ देर के लिए दिल्ली यमुनोत्री हाइवे भी बाधित रहा। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। तहसीलदार बेहट पुष्पांकर देव और मिर्जापुर इंस्पेक्टर अजय कुमार ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच स्थिति का जायजा लिया और नदी के पास ग्रामीणों की भीड़ को हटाया, ताकि कोई जनहानि ना हो सकंे।
