मेरठ हीरा टाइम्स ब्यूरो। कांवड यात्रा के दृष्टिगत मंडलायुक्त मेरठ ह्रषिकेश भास्कर यशोद एवं पुलिस उप महानिरीक्षक मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी द्वारा परिक्षेत्र के जनपद मेरठ, हापुड व बुलन्दशहर मे पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मेरठ से बुलंदशहर जाने वाले नहर पटरी कांवड़ मार्ग का भ्रमण किया गया। जनपद मेरठ के थाना परीक्षितगढ, किठौर , हापुड के थाना सिम्भावली व बुलन्दशहर के थाना स्याना क्षेत्रान्तर्गत नहर पटरी कांवड़ मार्ग व अंबकेश्वर महादेव मंदिर अहार का भ्रमण किया गया । कांवड़ मार्गो पर अस्थाई पुलिस चौकिया बनाई गई है तथा वेरीकेटिंग की व्यवस्था की गई है। भ्रमण के दौरान परिलक्षित हुई कमियों को शीघ्र दूर करने एवं व्यवस्थाओ को दुरुस्त करने के निर्देश सम्बन्धित अधिकारीगण को दिये गये। साथ ही कांवड ड्यूटी में लगे समस्त पुलिस बल को उनके कर्तव्यो से अवगत कराया गया । जनपद मेरठ मे निरीक्षण भ्रमण के दौरान एसपी ग्रामीण श्रराकेश कुमार मिश्रा, एसपी ट्रैफिक राघवेन्द्र मिश्र, एसडीएम मवाना संतोष कुमार सिंह, सीओ सदर देहात श्री शिवप्रताप सिंह, सीओ किठौर श्री प्रमोद कुमार सिंह, जनपद हापुड में अपर पुलिस अधीक्षक श्री विनीत भटनागर, एसडीएम गढ़मुक्तेश्वर श्री अंकित वर्मा, सीओ गढ़मुक्तेश्वर वरुण मिश्रा व जनपद बुलन्दशहर मे एसएसपी दिनेश कुमार सिंह, एसपी सिटी शंकर प्रसाद, एसपी ग्रामीण तेजवीर सिंह, सीओ स्याना प्रखर पाण्डेय आदि उपस्थित रहे।
मेरठ हीरा टाइम्स ब्यूरो। पुलिस लाईन सभागार में एडीजी भानु भास्कर तथा आयुक्त मेरठ मंडल हृषिकेश भास्कर यशोद द्वारा कांवड यात्रा को सकुशल व शांतिपूर्वक संपन्न कराये जाने हेतु संबंधित समस्त अधिकारियो के साथ बैठक आहूत की गई। एडीजी भानु भास्कर ने कहा कि कांवड यात्रा के दौरान हर कर्मचारी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है इसलिए समस्त अधिकारी व कर्मचारी ससमय अपनी डयूटी पर पहुंचे। उन्होने कहा कि कांवड यात्रा के दौरान यातायात प्रबंधन महत्वपूर्ण होता है। कोई कावंडिया गलत दिशा में न चले तथा उनके वाहनो की गति नियंत्रित हो। उन्होने कहा कि समस्त अधिकारीध्कर्मचारी अपने दायित्वो का ईमानदारी से निवर्हन करें। उन्होने कहा कि कोई भी कांवड शिविर हाईटेंशन लाईन के नीचे न हो यह सुनिश्चित किया जाये तथा जेनरेटर कांवड शिविर से दूर लगाया जाये। उन्होने कहा कि समस्त अधिकारीध्कर्मचारी कांवडियो के प्रति अच्छा व्यवहार रखे। उन्होने कहा कि डीजे के ऊंचाई तथा उसकी आवाज मानक के अनुसार हो यह सुनिश्चित किया जाये। उन्होने कहा कि शराब पीकर गाडी चलाने वालो के विरूद्ध कडी कार्यवाही की जाये। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रो का चिन्हांकन कर लिया जाये तथा छोटी से छोटी घटना होने पर तत्काल कार्यवाही की जाये। उन्होने कहा कि लापरवाही पाये जाने पर संबंधित के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी। आयुक्त मेरठ मंडल हृषिकेश भास्कर यशोद ने कहा कि समस्त अधिकारी आपस में समन्वय स्थापित कर कार्य करें। उन्होने कहा कि एक ही सैक्टर में कार्य करने वाले अधिकारी एक-दूसरे के संपर्क में रहे। अधिकारी ससमय डयूटी पर पहुंचे व अपने-अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहे। उन्होने कहा कि यह सुनिश्चित कर लिया जाये कि कांवडिये अपने निर्धारित रूट से ही जाये तथा पुलिस अधिकारी कावंडियो के साथ मधुर व्यवहार रखे। उन्होने कहा कि कंट्रोल रूम पर प्राप्त शिकायतो का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित कराया जाये। उन्होने कहा कि कांवड यात्रा मार्ग की शेष कमियों को जल्द से जल्द दूर किया जाये तथा डीजे की ऊंचाई व उसकी आवाज पर निगरानी रखी जाये।
उन्होने कहा कि कांवड यात्रा के दौरान स्वास्थ्य सेवा अति महत्वपूर्ण है यदि किसी स्थान पर अतिरिक्त मेडिकल कैम्प की आवश्यकता हो तो संबंधित अधिकारी को अवगत करा दें ताकि आवश्यकतानुसार कार्यवाही की जा सके। इस अवसर पर डीआईजी कलानिधि नैथानी, जिलाधिकारी डा. वी.के.सिंह, एसएसपी विपिन ताडा, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, सीएमओ डा. अशोक कटारिया, एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह, एसपी देहात, एसपी ट्रैफिक राघवेन्द्र मिश्रा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन सत्य प्रकाश सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर बृजेश सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
