मेरठ हीरा टाइम्स ब्यूरो। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में कांवड़ यात्रा के पवित्र अवसर पर शिवभक्तों का स्वागत कर उनकी श्रद्धा को सम्मान दिया। मेरठ में उन्होंने स्वयं सड़क पर उतरकर कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की, वहीं कुछ जिलों में हेलिकॉप्टर से पुष्प बरसाकर भावनात्मक श्रद्धा को नमन किया। इसी दौरान मेरठ में
आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा की आड़ में जो भी उपद्रव करेगा और पवित्र यात्रा को बदनाम करने का प्रयास करेगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सावन मास में आप सभी का हृदय से अभिनंदन करता हूं। देश के विभिन्न राज्यों से लाखों शिवभक्त हरिद्वार से पावन गंगाजल लेकर भगवान शिव के विभिन्न मंदिरों में जलाभिषेक करेंगे। बाबा औघड़नाथ मंदिर, पुरा महादेव मंदिर, दुग्धेश्वरनाथ मंदिर जैसे पवित्र स्थलों पर श्रद्धालु अपने भाव व्यक्त करेंगे। यह अत्यंत आनंददायक है कि इस यात्रा में युवा, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सभी शामिल होकर सामाजिक समता का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व इस पवित्र यात्रा को बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ तत्व सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से कांवड़ यात्रा को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। यह हर कांवड़ संघ, हर शिवभक्त का कर्तव्य है कि वे ऐसे उपद्रवियों की पहचान कर उन्हें बेनकाब करें और प्रशासन को तत्काल सूचना दें। सीएम योगी ने कहा कि पूरे मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और यात्रा पूरी होने के बाद उपद्रवियों की पहचान कर उनके पोस्टर सार्वजनिक किए जाएंगे। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि उन पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि कांवड़ यात्रा के सफल और सुरक्षित संचालन के लिए सरकार, प्रशासन, स्वयंसेवी संगठनों और धार्मिक संस्थाओं ने व्यापक व्यवस्था की है। श्रद्धालुओं को न तो कोई असुविधा हो और न ही यातायात या सुरक्षा से जुड़ी कोई समस्या इसके लिए पूरा प्रशासन तैनात है। जगह-जगह पंडाल लगाए गए हैं, स्वागत शिविर बनाए गए हैं और पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा व विश्राम की पूरी व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री ने शिवभक्तों से आग्रह किया कि वे यात्रा के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। किसी सड़क, चौराहे या सार्वजनिक स्थल को गंदा न करें। यह यात्रा जितनी पवित्र है, उसकी गरिमा उतनी ही बनी रहनी चाहिए। शिवभक्तों को चाहिए कि वे लोक कल्याण के भाव के साथ यात्रा करें और दूसरों की असुविधा का भी ध्यान रखें। इस दौरान राज्यमंत्री सोमेन्द्र तोमर, सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी ,कैंट विधायक अमित ,अग्रवाल, विधायक गुुलाम मौहम्मद , मेयर हरीकांत अहलूवालिया, पं. सुनील भराला, पूर्व विधायक संगीत सोम, विमल शर्मा , जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा, महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तौगी आदि मौजूद रहे।
