मेरठ हीरा टाइम्स ब्यूरो। आयुक्त सभागार में आयुक्त मेरठ मंडल मेरठ हृषिकेश भास्कर यशोद की अध्यक्षता में आगामी श्रावण शिवरात्रि कावंड यात्रा-2025 को सकुशल संपन्न कराये जाने हेतु तैयारियो के संबंध में बैठक आहूत की गई। बैठक में आयुक्त हृषिकेश भास्कर यशोद द्वारा सिंचाई विभाग, विद्युत विभाग, परिवहन, एनएचएआई, स्वास्थ्य, जल निगम, मंडी आदि विभागो द्वारा कांवड यात्रा के संबंध में की जा रही तैयारियो की समीक्षा की गई। उन्होने कहा कि कांवड मार्गों पर विशेषतः प्रमुख स्थानो पर साफ-सफाई की बारम्बारता सुनिश्चित की जाये। मार्गों के किनारे झाडियो की सफाई, शौचालयो की सफाई तथा हैण्ड पम्प को क्रियाशील किया जाये। उन्होने संबंधित अधिकारी को एंटी लार्वा का छिडकाव, फॉगिंग की व्यवस्था कराये जाने के निर्देश दिये। सिंचाई विभाग को घाटो की बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड लगाने, गोताखोर तैनात करने के निर्देश दिये। विद्युत विभाग को कांवड मार्ग पर जहां तार क्रॉस हो रहे है वहां तारो की ऊंचाई के संबंध में सचेतक लगाने व गार्डिंग करने के निर्देश दिये साथ ही बिजली पोल को पालिथीन से कवर किये जाने, अर्थिंग की व्यवस्था कराये जाने तथा ट्रांसफार्मर को जाली से कवर कराये जाने के निर्देश दिये गये। उन्होने कहा कि कांवड यात्रा के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाये। शिविरो में विद्युत कनेक्शन व विद्युत सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये जाये।उन्होने संबंधित अधिकारी को निर्देशित करते हुये कहा कि सभी अस्पतालो में बेड आरक्षित किये जाये, एम्बुलेंस की तैनाती तथा एंटीवेनम की उपलब्धता सुनिश्चित की जाये। कांवडियो के लिए शुद्ध पेयजल, सुरक्षा हेतु सीसीटीवी कैमरो की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। उन्होने वेण्डरो के लिए रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से चस्पा किये जाने के निर्देश दिये। परिवहन विभाग को बस स्टेशन पर साफ-सफाई रखने, जलभराव न होने देने तथा रूट डायवर्जन की प्लानिंग करने के निर्देश दिये गये। इस अवसर पर अपर आयुक्त अमित कुमार, संयुक्त विकास आयुक्त बलिराम सहित अन्य मंडलीय अधिकारी उपस्थित रहे।
