
अमेरिका के न्याय विभाग द्वारा जारी जेफ्री एपस्टीन से जुड़ी फाइलों के पहले चरण ने सियासी हलकों में हलचल तेज कर दी है। सार्वजनिक किए गए दस्तावेजों में पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन से जुड़ी कई तस्वीरें सामने आई हैं, जिनके बाद डेमोक्रेटिक पार्टी पर नए सिरे से सवाल उठने लगे हैं। इन खुलासों को ऐसे समय में सामने लाया गया है, जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप खुद कई मोर्चों पर आलोचना का सामना कर रहे हैं।
हजारों पन्नों की इन फाइलों में कुछ तस्वीरें निजी विमान की बताई जा रही हैं, जिनमें एक तस्वीर में बिल क्लिंटन की गोद में एक महिला बैठी दिखाई देती है। हालांकि महिला का चेहरा तस्वीर से हटा दिया गया है। अन्य तस्वीरों में क्लिंटन को एपस्टीन की करीबी रहीं घिसलेन मैक्सवेल के साथ स्विमिंग पूल में देखा जा सकता है, जहां एक अन्य महिला का चेहरा भी छिपाया गया है।
महिलाओं की पहचान पर सस्पेंस
दस्तावेजों में एक तस्वीर ऐसी भी है, जिसमें बिल क्लिंटन एक हॉट टब में एक महिला के साथ नजर आते हैं, लेकिन यहां भी महिला का चेहरा स्पष्ट नहीं है। फाइलों में यह नहीं बताया गया है कि ये तस्वीरें कब और कहां ली गई थीं, जिससे अटकलों को और हवा मिल रही है। इन तस्वीरों को व्हाइट हाउस के कुछ अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर साझा किया, जिससे मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया।
क्लिंटन खेमे की सफाई
इस पूरे विवाद पर बिल क्लिंटन के प्रवक्ता एंजेल उरेना ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि एपस्टीन जांच का दायरा पूर्व राष्ट्रपति से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि क्लिंटन ने एपस्टीन के अपराध सामने आने से पहले ही उससे दूरी बना ली थी। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि अब तक एपस्टीन के किसी भी ज्ञात पीड़ित ने बिल क्लिंटन पर किसी तरह के दुर्व्यवहार का आरोप नहीं लगाया है।
राजनीतिक हथियार बनती एपस्टीन फाइल्स?
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन फाइलों को सामने लाने के समय और तरीके से यह सवाल उठ रहा है कि क्या एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों का इस्तेमाल डेमोक्रेट्स पर दबाव बनाने और राजनीतिक लाभ उठाने के लिए किया जा रहा है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर अमेरिकी राजनीति और ज्यादा गर्माने के संकेत हैं।
