सहारनपुर हीरा टाइम्स ब्यूरो। मंडलायुक्त अटल कुमार राय ने मण्डलीय उद्योग बन्धु की बैठक में तीनों जनपदों के जिला उद्योग बन्धु में विचाराधीन प्रकरणों की समीक्षा कर समय-सीमा के अंदर ही प्रकरणों का निस्तारण करने के निर्देश दिये।
सर्किट हाउस के सभागार में आयोजित बैठक में उद्यमियों ने पिलखनी इण्डस्ट्रिल एरिया के एप्रोच रोड पर स्पीड ब्रेकर बनाए जाने की मांग की, जिस पर मण्डलायुक्त ने यथाशीघ्र स्पीड ब्रेकर बनाने के निर्देश दिये, जिससे न केवल दुर्घटनाओं में कमी आएगी, बल्कि उद्यमियों को कार्य करने में सहजता होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि औद्योगिक क्षेत्रों में अचानक विद्युत शटडाउन लेने से पूर्व संबंधित को अवगत कराया जाए। यदि बिना किसी पूर्व सूचना के शटडाउन लिया जाता है तो संबंधित कर्मचारी के विरूद्ध कार्रवाई की जाए। जो प्रकरण निदेशालय स्तर पर लम्बित है उनके संबंध में भेजे गये पत्रों की प्रति उपलब्ध कराकर अवगत कराया जाए। मण्डलायुक्त ने निर्देश दिये गये कि मण्डल के जनपदों के निवेश मित्र पोर्टल पर निर्धारित समय सीमा के उपरान्त प्रकरण लम्बित न रहे। समय सीमा के अंदर ही प्रकरणों का निस्तारण किया जाए। बैठक में अपर आयुक्त प्रशासन रमेश यादव, संयुक्त आयुक्त उद्योग श्रीमती अन्जू रानी, उपायुक्त उद्योग वीके कौशल, उपायुक्त उद्योग मुजफरनगर एवं शामली श्रीमती जस्मिन, आईआईए से अनूप खन्ना, लघु उद्योग भारती अनुपम गुप्ता, सीआईएस से रविन्द्र मिगलानी, बलजीत सिंह चावला, सुषमा बजाज तथा अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
