मेरठ हीरा टाइम्स ब्यूरो। आईआईएमटी समूह के विभिन्न शिक्षा संस्थान से शिक्षा ग्रहण करने वाले छात्र विदेशों में प्रतिष्ठित कंपनियों में उच्च पदों पर कार्य कर भारत और आईआईएमटी समूह का नाम रोशन कर रहे हैं। दुबई में आयोजित पूर्व छात्र सम्मेलन को संबोधित करते हुए आईआईएमटी समूह के एमडी डॉ. मयंक अग्रवाल ने कहा कि अनेक छात्र खुद का व्यवसाय स्थापित कर लोगों को रोजगार देने के साथ भारत को आर्थिक रूप से भी सृदुढ़ कर रहे हैं। आईआईएमटी समूह द्वारा दुबई में पूर्व छात्र सम्मेलन का आयोजन किया गया। दुबई स्थित हयात जुमेराह में आयोजित पूर्व छात्र सम्मेलन में एक-दूसरे से मिलकर बीते दिनों की यादों में खो गये पूर्व छात्रों ने इस दिन को यादगार बताते हुए शानदार आयोजन में उन्हें आमंत्रित किए जाने पर आईआईएमटी समूह का आभार व्यक्त किया। आईआईएमटी समूह के एमडी डॉ. मयंक अग्रवाल, आईआईएमटी स्कूल्स की डायरेक्टर पियांशु अग्रवाल ने आईआईएमटी समूह में शिक्षा प्राप्त करने वाले छात्रों को सम्मानित किया। एमडी डॉ. मयंक अग्रवाल जी ने सभी छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि आईआईएमटी समूह के लिए पूर्व छात्र अनमोल धरोहर के समान है। विभिन्न देशों में कार्यरत आईआईएमटी के छात्र स्वयं को आईआईएमटीयन कहते हैं तो समूह के प्रत्येक शिक्षक को गर्व का अनुभव होता है। पुरातन छात्र शिक्षण संस्थान का प्रतिबिंब होते हैं, जिन्हें देखकर उस शिक्षण संस्थान की गुणवत्ता और वास्तविकता का आसानी से अंदाजा लगाया जा सकता है। एमडी डॉ0 मयंक अग्रवाल ने सभी छात्रों को आईआईएमटी समूह के नोएडा व मेरठ स्थित शिक्षण संस्थानों में आकर अपने जूनियर छात्रों का मार्गदर्शन करने का निमंत्रण दिया। आईआईएमटी स्कूल्स की डायरेक्टर पियांशु अग्रवाल ने कहा कि दुबई में विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत आईआईएमटी के पूर्व छात्रों को एक साथ देखना अविस्मरणीय पल हैं। मुझे विश्वास है कि आज जो आईआईएमटीयन छात्र यहां मौजूद हैं वह भविष्य में दुबई आने वाले अन्य छात्रों को यहां स्थापित होने में पूर्ण सहयोग करेंगे। परस्पर सहयोग की भावना आईआईएमटी समूह की जड़ों को और मजबूत बनाती रहेगी। पूर्व छात्र सम्मेलन के संयोजक निखिल गुप्ता एवं शीना अग्रवाल ने सभी पूर्व छात्रों का कार्यक्रम में आने के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सम्बन्ध को निरन्तर निभाना आईआईएमटी समूह की संस्कृति है। दुबई में आकर पूर्व छात्रों को सम्मानित करना यह दर्शाता है कि आईआईएमटी समूह अपने छात्रों के हमेशा साथ है।
