
मेरठ। रेलवे ने यात्री किराए में संशोधन करते हुए नई दरें लागू कर दी हैं, जिससे मेरठ से विभिन्न शहरों की यात्रा महंगी हो गई है। प्रमुख ट्रेनों के किराए में 10 से 20 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। संशोधित दरों के अनुसार मेरठ से अयोध्या जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में चेयर कार का किराया बढ़कर 1615 रुपये और एग्जीक्यूटिव क्लास का किराया 2915 रुपये हो गया है। इसमें क्रमशः 10 और 15 रुपये की वृद्धि की गई है।
मेरठ से जम्मूतवी जाने वाली शालीमार एक्सप्रेस में स्लीपर श्रेणी का किराया अब 355 रुपये और एसी थ्री टियर का 935 रुपये तय किया गया है, दोनों ही श्रेणियों में 15 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, मेरठ से लखनऊ जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस में स्लीपर श्रेणी का किराया 290 रुपये और एसी थ्री टियर का 760 रुपये कर दिया गया है, जिसमें 10 रुपये का इजाफा हुआ है।
इंदौर के लिए चलने वाली उज्जैनी एक्सप्रेस में भी किराया बढ़ाया गया है। एसी थ्री टियर का नया किराया 1290 रुपये और स्लीपर श्रेणी का 490 रुपये हो गया है, दोनों में 20-20 रुपये की वृद्धि की गई है। इसी तरह अहमदाबाद जाने वाली योगा एक्सप्रेस में स्लीपर श्रेणी का किराया 520 रुपये और एसी थ्री टियर का 1360 रुपये तय किया गया है, जिसमें 20 रुपये की बढ़ोतरी शामिल है।
हालांकि, 215 किलोमीटर तक की कम दूरी की यात्रा में किराया न बढ़ाए जाने से दैनिक यात्रियों ने संतोष जताया है। इसके साथ ही यात्रियों ने शटल ट्रेनों के समय पर संचालन की मांग भी उठाई है। यात्रियों का कहना है कि मेरठ से दिल्ली के लिए प्रस्तावित ईएमयू ट्रेन जल्द चलाई जाए। शुक्रवार को भी एक शटल ट्रेन निर्धारित समय से करीब सवा घंटा विलंब से रात 9:40 बजे सिटी स्टेशन पहुंची, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
